विधानसभा अध्यक्ष बोले-कम संसाधनों में भी होमगार्ड जवानों का काम अच्छा (Video)

Tuesday, Feb 06, 2018 - 09:37 PM (IST)

नाहन: सोमवार को विक्रम कैसल में हिमाचल गृह रक्षक की चतुर्थ वाहिनी में होमगार्ड जवानों के लिए आयोजित 19 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने कहा कि हिमाचल के गृह रक्षक देश में अनुशासन, ईमानदारी, कत्र्तव्यपरायणता एवं बहादुरी के लिए जाने जाते हैं, जिन्हें और मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि गृह रक्षक कम संसाधनों के बावजूद प्रदेश में पुलिस के साथ शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आपदा एवं अन्य सामाजिक कार्यों में अहम भूमिका निभा रहे हैं जिसके लिए महकमा बधाई का पात्र है। 

परेड का निरीक्षण कर ली मार्चपास्ट की सलामी
इससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और जवानों द्वारा प्रस्तुत मार्चपास्ट की सलामी ली। उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों से जुड़ी समस्याओं को शीघ्र सुलझा लिया जाएग। उन्होंने कहा कि वह स्वयं इस मामले को मुख्यंमत्री जयराम ठाकुर से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि होमगार्ड प्रशिक्षण केंद्र में पानी की समस्या के निदान के लिए सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। वहीं होमगार्ड की कुल 75 बीघा भूमि की निशानदेही शीघ्र करवाई जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने के लिए होमगार्ड जवानों को पुरस्कृत भी किया।

पी.टी. शो व आपदा प्रबंधन पर मॉकड्रिल का प्रदर्शन
इस मौके पर आदेशक गृहरक्षक चतुर्थ वाहिनी सिरमौर राकेश सिंह ने जिला में गृहरक्षकों द्वारा जिला में दी जा रहीं सेवाओं बारे जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में 60 जवानों ने भाग लिया। इस अवसर पर जवानों द्वारा पी.टी. शो, आपदा प्रबंधन पर मॉकड्रिल तथा विभिन्न रक्षात्मक विधाओं का प्रदर्शन किया गया। इसके अतिरिक्त सिरमौरी नाटी भी प्रस्तुत की गई। 

ये रहे कार्यक्रम में मौजूद
इस मौके पर पुलिस अधीक्षक सिरमौर रोहित मालपानी, पुलिस की छठी आई.आर.बी. कोलर के आदेशक प्रेम ठाकुर, जिप सदस्य विनय गुप्ता, मनीष चौहान, भाजपा मंडलाध्यक्ष दीन दयाल वर्मा व प्रकाश चंद बंसल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गण्यमान्य उपस्थित थे।