विधानसभा चुनाव: HRTC के 800 रूट होंगे प्रभावित

Tuesday, Nov 07, 2017 - 10:18 AM (IST)

शिमला: हिमाचल में विधानसभा चुनाव के चलते मंगलवार को एच.आर.टी.सी. के प्रदेश भर में करीब 800 रूट प्रभावित होंगे। चुनावों के चलते निगम की करीब 1,200 बसें चुनावी डयूटी पर लगे कर्मचारियों को लेकर विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के लिए रवाना होंगी। प्रदेश भर में हालांकि 50 किलोमीटर तक चुनावी ड्यूटी पर जाने वाली बसें लोकल रू टों पर फिर से चलाई जाएंगी लेकिन इन बसों को चलने में देरी होगी। इसके साथ ही लंबे रूटों सहित बाहरी राज्यों में जाने वाली बसें भी प्रभावित होंगी। हालांकि शाम के समय चलने वाली बसें अपने रूटों पर नियमित रूप से रवाना की जाएंगी लेकिन सुबह 8 से शाम 7 बजे तक कई बसें कर्मचारियों को बूथ पर छोड़ने के बाद वापस लौटेंगी और इसके बाद अपने रूटों पर रवाना होंगी। 

डिवीजनों से सैंकड़ों बसें होंगी रवाना  
प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों के बूथों को जाने वाली बसें चुनावी ड्यूटी से देर शाम तक ही लौट सकेंगी, ऐसे में लोगों को परिवहन के लिए अन्य विकल्पों का सहारा लेना होगा और साथ ही दिक्कतों का भी सामना करना पड़ेगा। चुनावी ड्यूटी पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के सभी डिवीजनों से सैंकड़ों बसें रवाना होंगी। इसमें शिमला डिवीजन से ही करीब 415 बसें रवाना होंगी। इसके साथ ही मंडी डिवीजन से करीब 300, हमीरपुर से 300 एवं धर्मशाला डिवीजन से 250 के करीब बसें चुनावी ड्यूटी पर रहेंगी। प्रदेश के केवल गिने-चुने रूटों पर ही बसें रवाना की जाएंगी।

9 नवम्बर को भी चुनावों में रहेंगी बसें
प्रदेश भर में 7 एवं 9 नवम्बर को निगम की बसें चुनावी ड्यूटी पर रवाना की जाएंगी। ऐसे में चुनावों के दौरान इन दोनों दिनों में लोगों को परिवहन के अन्य विकल्पों का सहारा लेना होगा। विधानसभा व लोकसभा चुनाव के दौरान हर बार बसें चुनावी ड्यूटी पर रवाना होती हैं, ऐसे में जनता को इसके लिए पहले से तैयारी करनी होगी।