विस चुनाव के लिए कांग्रेस प्रत्याशियों की घोषणा जल्द

Thursday, May 18, 2017 - 09:47 AM (IST)

शिमला: हिमाचल में मिशन रिपीट के लिए कांग्रेस इस बार नए फॉर्मूले पर काम कर रही है। इसके तहत पार्टी विधानसभा चुनाव के प्रत्याशियों की घोषणा समय से पहले ही कर सकती है। इसको लेकर वह सभी पहलुओं पर विचार कर रही है। ठीक चुनाव से पहले टिकट आबंटन को लेकर गुटबाजी न हो, उसको देखते हुए इस फार्मूले पर विचार किया जा रहा है। यदि इस पर सहमति बनती है तो पार्टी इस बारे एक प्रस्ताव तैयार कर हाईकमान को भेज सकती है, ताकि उसके अनुसार वह भी आगामी कदम उठाए। देखा जाए तो प्रदेश में मुख्य राजनीतिक दलों कांग्रेस व भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनावों के लिए अभी से ही कमर कसनी शुरू कर दी है। 


दोनों ही दल अपनी-अपनी सरकार बनाने जुटे
दोनों ही दल अपनी-अपनी सरकार बनाने के लिए चुनावों की तैयारियों में जुट गए हैं। इसके तहत दोनों ही दलों में बैठकों का दौर जारी है। ऐसे में अब कांग्रेस के इस फार्मूले से भी पार्टी में सियासी माहौल गरमा सकता है। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने बताया कि चुनाव को लेकर पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। उन्होंने माना कि चुनाव को लेकर प्रत्याशियों की घोषणा पहले ही कर दिए जाने पर भी विचार किया जा रहा है।


कई विस क्षेत्रों में दावेदारी शुरू 
विधानसभा चुनाव को लेकर कई कांग्रेस नेताओं ने टिकट की दावेदारी जताना भी शुरू कर दी है। इसके तहत कई विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस नेता आमने-सामने होने लगे हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी कई नेता टिकट की दावेदारी जताते हुए एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं। मुख्य रूप से कई युवा चेहरे इस बार टिकट की दौड़ में शामिल हैं।


कांग्रेस ने भाजपा को घेरने के लिए बनाई रणनीति
विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा को घेरने की रणनीति तैयार कर ली है। इसी कड़ी में कांग्रेस भाजपा की राज्य में 100 रैलियों का जवाब देने के लिए अपने सभी 17 संगठनात्मक जिलों में राष्ट्रीय स्तर के नेता उतारने जा रही है। इसके तहत आगामी जून में पार्टी के 17 राष्ट्रीय नेता हिमाचल आएंगे और संगठनात्म्क जिलों में रैलियां कर चुनावी शंखनाद करेंगे। सूचना के अनुसार इसी सिलसिले में बुधवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सचिवालय पहुंचकर मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर दोनों नेताओं के बीच संगठन से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई। सूचना के अनुसार बैठक में प्रदेश भाजपा की 100 रैलियों का जवाब देने की रूपरेखा भी तैयार हुई।


17 संगठनात्मक जिलों में रैलियां करेगी कांग्रेस
इसके तहत जून में पार्टी सभी 17 संगठनात्मक जिलों में रैलियां करेगी। कांग्रेस ने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि मुख्यमंत्री के साथ बैठक में विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई है। उन्होंने बताया कि इस दौरान  मुख्यमंत्री को संगठन द्वारा आगामी दिनों में शुुरू किए जाने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की भी जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि पार्टी ब्लाक स्तर पर सम्मेलन करने जा रही है। उन्होंने कहा कि इसकेबाद जिला और प्रदेश स्तर पर भी कार्यक्रम होंगे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने मुख्यमंत्री को अवगत करवाया कि संगठन ने हर बूथ पर 5 यूथ तैनात करने का भी निर्णय लिया और इस दिशा में आवश्यक प्रभावी कदम उठाए जा चुके हैं। दोनों नेताओं में निगम चुनाव पर चर्चा होनी की सूचना है।