विधानसभा चुनाव : भारत के पहले वोटर श्याम सरण नेगी के स्वागत में बिछेगा रैड कार्पेट

Saturday, Oct 28, 2017 - 01:35 AM (IST)

शिमला: दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के पहले वोटर श्याम सरण नेगी मतदान के लिए तैयार हैं। उनका स्वास्थ्य अच्छा बताया जा रहा है। जिला प्रशासन ने श्याम सरण को मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एस.डी.एम. (नागरिक)कल्पा को दी है। पोलिंग स्टेशन में उनके लिए रैड कार्पेट बिछाया जाएगा। पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव में भी जिला प्रशासन ने पोलिंग स्टेशन में उनका स्वागत रैड कार्पेट बिछाकर किया था। 

जानिए कौन हैं श्याम सरण नेगी
श्याम सरण नेगी किन्नौर जिला के चिन्नी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने 100 वर्ष की उम्र इसी साल जून माह में पूरी की है। फिर भी श्याम सरण चुस्त-दुरुस्त हैं, ऐसे में श्याम सरण 9 नवम्बर को लोकतंत्र के इस महापर्व में फिर से आहुति डालकर इतिहास रचने जा रहे हैं। 

इसलिए हैं प्रथम वोटर
श्याम सरण को देश का पहला वोटर होने का गौरव प्राप्त है। हिंदुस्तान जब अंग्रेजों की जंजीरों से मुक्त हुआ तो देश में वर्ष 1952 में पहले आम चुनाव करवाए गए थे। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की यह इच्छा थी किभारत के जनजातीय इलाके के लोग भी आम चुनाव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें चूंकि जनजातीय इलाकों में बर्फबारी के कारण आवागमन और जन जीवन प्रभावित हो जाता है। लिहाजा किन्नौर में भारत के अन्य हिस्सों से पहले ही मतदान का फैसला लिया गया था। तब जनजातीय जिला किन्नौर को सबसे पहले मतदान के लिए चुना गया था। उस समय किन्नौर में श्याम सरण नेगी को पोलिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी निभानी थी। 25 अक्तूबर,1951 को पोलिंग ऑफिसर बने श्याम सरण ने टीन के कनस्तर को मतपेटी बनाया। वोट डालने के लिए पोलिंग बूथ में उस वक्त दूसरे लोग नहीं थे तो श्याम सरण नेगी ने सबसे पहले अपना वोट दिया। अपना वोट कास्ट करने के बाद उन्होंने इलाके में घर-घर जाकर लोगों को मतदान का महत्व बताया और उनसे मतदान करवाया। श्याम सरण नेगी के इन प्रयासों की देशभर में सराहना की गई। 

कई बार हो चुके हैं सम्मानित
श्याम सरण नेगी पंचायतीराज, विधानसभा और लोकसभा चुनाव के दौरान लोगों को मतदान करने के लिए प्रेरित करते रहे हैं। उनके इन प्रयासों के लिए उन्हें कई बार सम्मानित भी किया गया है। चुनाव आयोग ने श्याम सरण पर आधारित डॉक्यूमैंंट्री भी तैयार की है, जिसे लाखों लोग यू-ट्यूब समेत अन्य सोशल मीडिया पर देख चुके हैं।

श्याम सरण नेगी स्वस्थ, वोट डालने को तैयार
जिला निर्वाचन अधिकारी नरेश कुमार लट्ठ कहते हैं कि श्याम सरण नेगी से बात की गई थी। उनका स्वास्थ्य ठीक है और वह वोट डालने के लिए तैयार हैं। जिला प्रशासन ने उन्हें मतदान केंद्र तक पहुंचाने की जिम्मेदारी एस.डी.एम. को दी है। उनके स्वागत के लिए रैड कार्पेट बिछाया जाएगा।