विधानसभा चुनाव में अपने लिए वोट नहीं डाल पाएंगे ये नेता

Thursday, Nov 02, 2017 - 10:24 AM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव में कई दिग्गज अपने लिए वोट नहीं डाल पाएंगे। इनमें कांग्रेस और भाजपा की तरफ से मुख्यमंत्री पद के प्रत्याशी वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल भी शामिल हैं। दोनों नेताओं के विधानसभा क्षेत्र इस बार बदल गए हैं। वीरभद्र इस बार शिमला ग्रामीण की बजाय अर्की विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में हैं, तो धूमल हमीरपुर की बजाय सुजानपुर से चुनाव लड़ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने वर्ष 2012 के विधानसभा चुनाव में रामपुर में परिवार सहित वोट डाला था। हालांकि वह शिमला ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे थे। इसके अलावा नगर निगम चुनाव में उनकी पत्नी एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह और युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने जाखू वार्ड में मतदान किया था। धूमल हमीरपुर जिला के समीरपुर के निवासी हैं। ऐसे में वे भी अपने लिए वोट नहीं कर पाएंगे। प्रो. धूमल के अलावा उनके पुत्र सांसद अनुराग ठाकुर और अरुण धूमल के अलावा पूरा परिवार अपने पक्ष में मतदान नहीं कर पाएगा। धूमल अपने परिवार के साथ अपने लिए वोट नहीं कर पाए थे, क्योंकि उनका वोट भोरंज में है। 


रविंद्र रवि का भी वोट नहीं
पूर्व मंत्री एवं विधायक रविंद्र सिंह रवि भी स्वयं के लिए मतदान नहीं कर पाएंगे। भाजपा के दिग्गज नेता रवि का वोट पालमपुर में है। ऐसे में उनको वहीं पर मतदान करना होगा।


कमलेश का वोट हमीरपुर में 
भोरंज से भाजपा प्रत्याशी कमलेश कुमारी का वोट हमीरपुर में है। वह भोरंज विधानसभा क्षेत्र से इस बार चुनाव लड़ रही हैं। भाजपा ने इस बार पूर्व मंत्री स्वर्गीय ईश्वर दास धीमान के बेटे एवं विधायक डा. अनिल धीमान का टिकट काटा है।


इंदू गोस्वामी का वोट बैजनाथ में
पालमपुर से भाजपा प्रत्याशी इंदू गोस्वामी भी अपने लिए मतदान नहीं कर पाएंगी। उनका वोट साथ लगते बैजनाथ विधानसभा क्षेत्र में है। 


डा. प्रमोद का वोट भी दूसरी जगह
भाजपा की तरफ से शिमला ग्रामीण से चुनाव लड़ रहे प्रदेश विश्वविद्यालय के शिक्षक डा. प्रमोद शर्मा का वोट भी दूसरी जगह है। वह कुमारसैन क्षेत्र के बाग पंचायत से संबंध रखते हैं। इस तरह उनका वोट भी दूसरे विधानसभा क्षेत्र में है। 


डा. राजेश का वोट शिमला में
सोलन विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी डा. राजेश कश्यप भी अपने लिए वोट नहीं डाल पाएंगे। जानकारी के अनुसार उनका वोट शिमला में बना है।


विक्रमादित्य का शिमला ग्रामीण में वोट नहीं
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं युवा कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। वह शिमला ग्रामीण से चुनाव मैदान में हैं। नगर निगम चुनाव में उनका वोट शिमला शहरी में था। इस तरह पूरा परिवार न तो वीरभद्र सिंह और न ही विक्रमादित्य सिंह के लिए वोट डाल पाएगा।