कोर्ट परिसर मारपीट मामले में अब काईस के दंपति को किया लहूलुहान, गंभीर हालत में नेरचौक रैफर

Thursday, Aug 26, 2021 - 12:04 AM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): जिला मुख्यालय स्थित कुल्लू कोर्ट परिसर में हुई मारपीट की घटना के बाद बुधवार को चुरडू में मारपीट हुई है। इस घटना में कुछ लोगों ने काईस पंचायत के पूर्व प्रधान परस राम और उनकी पत्नी पर हमला कर दिया, जिसमें दोनों बुरी तरह से लहूलुहान हो गए तथा परस राम की हालत गंभीर बनी हुई है। देर शाम हुई इस घटना के बाद परस राम और उनकी पत्नी को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू लाया गया।

घटना के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए हैं। वहीं पूरे घटनाक्रम को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के दौरान गोली चलने की भी चर्चा है। हालांकि पुलिस इस बिंदु पर भी छानबीन कर रही है। बता दें कि बीते रोज भी कोर्ट परिसर में हुई मारपीट के वीडियो वायरल हुए थे। घटना के बाद काईस इलाके से काफी लोग क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे।

एसपी गुरदेव शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि मामले में अभी घटना का शिकार लोगों के बयान लिए हैं। आधा दर्जन से अधिक लोगों के उन्होंने नाम बताए हैं। उन्होंने कहा कि मैडीकल ऑफिसर किस तरह का ओपिनियन देते हैं उसी के मुताबिक मामले में धाराएं जोड़ी जाएंगी। घटना की छानबीन की जा रही है। वहीं देर रात दोनों घायलों को गंभीर हालत के चलते कुल्लू अस्पताल से नेरचौक के लिए रैफर कर दिया गया।

Content Writer

Vijay