आश्रय शर्मा ने यहां से ठोकी टिकट की दावेदारी, हाईकमान को भेजा पत्र

Saturday, Sep 16, 2017 - 04:55 PM (IST)

मंडी (नीरज): मंडी जिला के सदर विधानसभा से विधायक और प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा के सपुत्र आश्रय शर्मा ने कांग्रेस हाईकमान को सराज से चुनाव लड़ने और टिकट के लिए आवेदन किया है। यह जानकारी उन्होंने मंडी में पत्रकार वार्ता को सम्बोधित करते हुए दी। आश्रय प्रदेश कांग्रेस कमेटी में सचिव के पद पर कार्य कर रहे हैं और बीते लगभग एक साल से उन्हें सराज का प्रभारी भी नियुक्त किया गया था। आश्रय ने पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए कहा कि उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से उन्हें सराज से कांग्रेस पार्टी का टिकट देने का आग्रह किया है। 


आने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान निभा सकते हैं सक्रीय भूमिका  
उन्होंने सराज में कांग्रेस की स्थिति के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि काफी लंबे समय के अथक प्रयासों के बाद भी सराज कांग्रेस में एकजुटता की कमी है जिसके कारण किसी एक नाम पर मुहर लगाने को लेकर सहमती नहीं बन रही है। इसी कारण आश्रय जो कि सराज के प्रभारी भी हैं, यहां से टिकट की प्रबल दावेदारी ठोक रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि अगर हाईकमान किसी और उम्मीदवार को भी सराज से टिकट देती है तो भी वे सराज में कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगें। आश्रय ने बताया कि उनके दादा और पूर्व केंद्रीय मंत्री रहे पंडित सुखराम भी आने वाले विधानसभा चुनावों के दौरान सक्रीय भूमिका निभा सकते हैं।


प्रकाश चौधरी को सुखराम ही लाए थे राजनीति में 
आश्रय ने अपनी ही पार्टी के बल्ह विधानसभा से विधायक व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री प्रकाश चौधरी को उनके बयान पर करारा जवाब देते हुए कहा कि उनको राजनीति में लाने वाले पंडित सुखराम ही थे। चौधरी ने कहा था कि अगर प्रदेश के मुख्यमंत्री चुनाव नहीं लड़ते हैं तो वे भी चुनावों में भाग नहीं लेंगें। मंत्री के इस बयान पर आश्रय ने प्रतिक्रिया देते हुए उन्हें अनाप-शनाप बयानों से बचने की नसीहत भी दे डाली है। उन्होंने कहा कि प्रकाश को तराशने वाला जौहरी पंडित सुखराम हैं न की कोई और। बता दें कि एक समय में कांग्रेस के गढ़ रहे मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा बीते 20 सालों से काबिज है और कांग्रेस वहां पर अपनी वापसी को पूरा जोर लगा रही है। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि जब एक तरफ प्रदेश सरकार और संगठन में तालमेल में कमी है वहीं सराज विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रभारी आश्रय शर्मा के द्वारा सराज से ही टिकट की दावेदारी की राजनीति क्या रंग लाती हैं।