अशोक मेहरा को मिली नगर परिषद सुजानपुर की सरदारी

Wednesday, Sep 19, 2018 - 04:00 PM (IST)

सुजानपुर: अशोक मेहरा सुजानपुर नगर परिषद के नए अध्यक्ष होंगे। मंगलवार को सर्वसम्मति के साथ उन्हें नगर परिषद सुजानपुर में अध्यक्ष पद पर विराजमान किया गया। 9 वार्ड सदस्यों वाली नगर परिषद सुजानपुर के 8 पार्षदों ने अशोक मेहरा का समर्थन किया और बिना चुनाव करवाए ही सर्वसम्मति के साथ उन्हें अध्यक्ष बनवाने में सहयोग किया जबकि वार्ड पार्षद वार्ड नंबर-1 रमन भटनागर गैर-मौजूद रहे। एस.डी.एम. सुजानपुर शिवदेव सिंह की अगुवाई में चुनाव प्रक्रिया करवाई गई। इससे पहले अधिकारी ने सुबह 11 बजे अध्यक्ष पद के लिए सभी वार्ड पार्षदों को चुनाव मैदान में आने का निमंत्रण दिया और कहा कि 12 बजे तक कोई भी प्रत्याशी मैदान में उतर सकता है लेकिन इस चुनाव प्रक्रिया में मात्र एक प्रत्याशी अशोक मेहरा वार्ड नंबर-6 से अध्यक्ष पद के लिए मैदान में आए। समयावधि पूरी होने तक उनके मुकाबले कोई भी प्रत्याशी मैदान में नहीं उतरा, जिसके बाद एस.डी.एम. ने विधिवत घोषणा करते हुए अशोक मेहरा को नगर परिषद का नया अध्यक्ष घोषित किया।

सुमन अटवाल ने पेश किया नाम
चुनाव प्रक्रिया सर्वसम्मति से हो, इसके लिए वार्ड नंबर-7 की पार्षद सुमन अटवाल ने अशोक मेहरा का नाम अध्यक्ष पद के लिए एस.डी.एम. के सामने पेश किया, जिसका वार्ड नंबर-2 के पार्षद दीप कुमार ने समर्थन किया। सर्वसम्मति से चुनाव करवाने की प्रक्रिया पूरी होते ही एस.डी.एम. सुजानपुर ने अशोक मेहरा वार्ड नंबर-6 के पार्षद को अध्यक्ष घोषित किया।

जल्द होगी शपथ
जानकारी देते हुए निर्वाचन अधिकारी एवं एस.डी.एम. सुजानपुर ने बताया कि अशोक मेहरा नगर परिषद के नए अध्यक्ष सर्वसम्मति से बनाए गए हैं, जल्द ही डी.सी. हमीरपुर से बात करके इन्हें अध्यक्ष पद की शपथ दिलवाई जाएगी। उधर, नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक मेहरा ने अपनी जीत का सारा श्रेय पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल, सांसद अनुराग ठाकुर एवं सभी वार्ड पार्षदों को दिया है। अशोक मेहरा की जीत के मौके पर जिला परिषद अध्यक्ष राकेश ठाकुर व सुजानपुर भाजपा मंडलाध्यक्ष कै. रणजीत सिंह विशेष रूप से उन्हें बधाई देने पहुंचे।

कांग्रेस समर्थित पार्षदों ने भी किया समर्थन
नगर परिषद सुजानपुर में अध्यक्ष पद के समर्थन में कांग्रेस समर्थित पार्षद भी उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े रहे। इसके साथ ही कांग्रेस समर्थित 2 वार्ड पार्षदों ने भाजपा समर्थित पार्षद का समर्थन करते हुए उनके पक्ष में अपना समर्थन दिया है। इसमें सुजानपुर वार्ड नंबर-3 के पार्षद जोकि पूर्व में नगर परिषद अध्यक्ष पद पर 10 सालों से राज कर चुके हैं व वार्ड नंबर-5 की पार्षद अनीता कुमारी शामिल हैं, दोनों ने ही भाजपा प्रत्याशी अशोक मेहरा का समर्थन किया है।

रैली निकाल मनाया जश्न
नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनके समर्थकों ने सुजानपुर बाजार में एक विजय रैली निकाली। सबसे पहले नए अध्यक्ष ने मुरली मनोहर मंदिर में विशेष पूजा की। उसके बाद मध्य ग्राऊंड में चल रहे गणेश उत्सव में पहुंचकर गणपति भगवान से आशीर्वाद प्राप्त किया, वहीं से मुख्य बाजार व मुख्य बस स्टैंड से होते हुए बाबा स्वरूप गिर मंदिर प्रांगण में पहुंचे व माथा टेका।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष धूमल से मिले
नवनिर्वाचित नगर परिषद सुजानपुर के अध्यक्ष अशोक मेहरा ने मंगलवार को अध्यक्ष पद प्राप्ति के बाद पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल से उनके निवास स्थान पर जाकर मुलाकात की। यह एक शिष्टाचार मुलाकात थी। इस मौके पर उनके साथ नगर परिषद उपाध्यक्ष कमलेश कुमारी, भाजपा समर्थित वार्ड पार्षद व सुजानपुर भाजपा पदाधिकारी महामंत्री अंकुश गुप्ता विशेष रूप से पहुंचे। नवनिर्वाचित अध्यक्ष अशोक मेहरा ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को उन्हें अध्यक्ष बनाने में सहयोग करने के लिए धन्यवाद किया। उधर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष को बधाई दी और कहा कि यह पार्टी की जीत है और सभी वार्ड पार्षदों की जीत है।

Vijay