हिमाचल के इस गांव के लाल ने हरियाणा में पाया असिस्टैंट प्रोफैसर का पद, इलाके में जश्न का माहौल
punjabkesari.in Tuesday, Feb 10, 2026 - 06:46 PM (IST)
अम्ब (अश्विनी): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के उपमंडल अम्ब के अंतर्गत आने वाले गांव चोआर के होनहार युवक आर्यमान जसवाल ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए हरियाणा राज्य में असिस्टैंट प्रोफैसर के पद पर नियुक्ति प्राप्त की है। 24 वर्ष के आर्यमान जसवाल अपने गांव से असिस्टैंट प्रोफैसर बनने वाले पहले युवा बने हैं, जो गांव के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनकर उभरे हैं।
आर्यमान के पिता संजीव कुमार (कनेडी) भारतीय सेना से सूबेदार मेजर के पद से सेवानिवृत्त हैं और वर्तमान में समाज सेवा के साथ-साथ लघु किसान के रूप में कार्य कर रहे हैं। उनकी माता पूनम कुमारी सीनियर सैकेंडरी स्कूल सलोई में टीजीटी हिंदी के पद पर अपनी सेवाएं दे रही हैं। आर्यमान की प्रारंभिक शिक्षा गुरुकुल सीनियर सैकेंडरी स्कूल पक्का परोह (अम्ब) से हुई है।
इसके बाद उन्होंने बीएससी मेडिकल साइंस की डिग्री महाराणा प्रताप राजकीय महाविद्यालय अम्ब से प्राप्त की तथा मेडिकल साइंस में मास्टर्स डिग्री पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से हासिल की। शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आर्यमान ने इंडियन काऊंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (आईसीएमआर) में जूनियर रिसर्च फैलोशिप भी प्राप्त की है। वर्तमान में वह भारत सरकार की छात्रवृत्ति के अंतर्गत पीएचडी शोध कार्य से भी जुड़े हुए हैं।
आर्यमान की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता ने सभी गुरुजनों और वरिष्ठजनों का धन्यवाद किया है, जिन्होंने समय-समय पर उनके पुत्र का मार्गदर्शन किया। उन्होंने विशेष रूप से अम्ब कालेज के प्रोफैसर नितिन का धन्यवाद किया जिनके मार्गदर्शन ने आर्यमान की सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

