महिलाओं को अश्लील मैसेज भेजने वाला चढ़ा पुलिस के हत्थे, पेशे से है चालक

Saturday, Apr 21, 2018 - 11:53 PM (IST)

घुमारवीं: महिलाओं को मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजने वाला शातिर आखिरकार शनिवार घुमारवीं पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके उसका मोबाइल भी कब्जे में ले लिया है। आरोपी की पहचान संजय कुमार पुत्र निक्का राम निवासी चलावां डाकघर कंदरौर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है जोकि पेशे से निजी बस चालक है। जानकारी के अनुसार कुछ दिन पूर्व एक महिला ने आरोपी की हरकतों से तंग आकर घुमारवीं पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। 


बिलासपुर से गिरफ्तार किया आरोपी
महिला का कहना था कि आरोपी उसके फोन पर इतनी अश्लील सामग्री भेज रहा है, जिसके चलते उसका मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है। पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ  आई.टी. एक्ट तथा भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत आपराधिक मामला दर्ज कर लिया था। घुमारवीं पुलिस ने आरोपी का मोबाइल सर्विलांस पर लगाया, जिससे आरोपी की लोकेशन बिलासपुर की तरफ  नजर आई। इस दौरान घुमारवीं पुलिस ने आरोपी की पहचान करके उसे बिलासपुर से गिरफ्तार कर लिया। 


शादी करने का रचता था नाटक 
पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं को बरगला कर उनके साथ शादी करने का नाटक भी रचता था। प्रारंभिक छानबीन में आ रहा है कि आरोपी ने 2-3 शादियां कर रखी हैं और कई महिलाओं को धोखा भी दे चुका है। पुलिस तफ्तीश में यह भी सामने आ रहा है कि अपने सहयोगियों से लिए गए मोबाइल नंबर के ऊपर वह तरह-तरह की अश£ील सामग्री भेजता रहता था। इस संदर्भ में डी.एस.पी. घुमारवीं राजेंद्र कुमार जसवाल ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जिसे रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा। 

Vijay