हमीरपुर के 26 वर्षीय जवान की काला पीलिया से मौत, गांव में पसरा मातम
punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 05:09 PM (IST)
Hamirpur News : हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले की ग्राम पंचायत टपरे के नोहगी गांव में उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब देश की सेवा में तैनात 26 वर्षीय जवान अभिषेक कुमार के निधन की सूचना मिली। अभिषेक कुमार पिछले कुछ दिनों से गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और दिल्ली के आरआर अस्पताल में उपचाराधीन थे। शनिवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।
एक माह पहले ही ड्यूटी पर लौटे थे अभिषेक कुमार
जानकारी के मुताबिक, अभिषेक कुमार काला पीलिया से पीड़ित थे और उनका उपचार दिल्ली के आरआर अस्पताल में चल रहा था। बताया जा रहा है कि अभिषेक कुमार महज एक माह पहले ही अपनी छुट्टियां बिताकर वापस ड्यूटी पर हिसार (हरियाणा) लौटे थे। ड्यूटी के दौरान अचानक उन्हें खून की उल्टी और दस्त की शिकायत हुई, जिसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया।
पूरे गांव में शोक का माहौल
चिकित्सकीय जांच में काला पीलिया होने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद उन्हें दिल्ली के आरआर अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था, लेकिन शनिवार सुबह उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। वहीं, जवान के असामयिक निधन से परिवार सहित पूरे गांव में शोक का माहौल है।

