सेना भर्ती के तीसरे दिन 3398 युवाओं ने दिखाया जोश, जानिए कितने हुए पास

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 05:40 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): कृषि विश्वविद्यालय मैदान में जारी कांगड़ा-चम्बा के युवाओं के लिए सेना भर्ती रैली के तीसरे दिन भी युवाओं ने अपना दमखम दिखाया। कांगड़ा जनपद के ज्वाली, शाहपुर, धर्मशाला तथा जसवां जबकि चम्बा जनपद के चुराह तहसील के युवाओं ने वीरवार को भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया। भर्ती के लिए इन तहसीलों से संबंधित 4684 युवाओं ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवाया था परंतु भर्ती में भाग लेने 28 प्रतिशत युवा पहुंचे ही नहीं। वीरवार को 3398 युवा भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने पहुंचे। इनमें से 618 लगभग 18 प्रतिशत से कुछ अधिक युवाओं ने फिजिकल टैस्ट की पात्रता को सफलतापूर्वक पार किया। यह आंकड़ा पिछले 2 दिन के आंकड़े से कुछ बेहतर है। भर्ती निदेशक कर्नल संदीप सिरोही ने बताया कि वीरवार को 6 बजे दौड़ आरंभ की गई। इसमें 3998 अभ्यर्थियों ने भाग लिया जिसमें से 618 का चयन फिजिकल टैस्ट में किया गया है।

इन तहसीलों के 4537 युवा नहीं ले पाएंगे भाग

शुक्रवार को इंदौरा, कांगड़ा, नगरोटा बगवां, ज्वालामुखी तथा चम्बा की भटियात के तहसील के युवा भर्ती रैली में भाग ले पाएंगे। इस हेतु इन तहसीलों के 4537 युवाओं ने अपना पंजीकरण करवा रखा है जबकि शनिवार को खुंडियां, धीरा, जयसिंहपुर, बैजनाथ, मुल्थान, रक्कड़, डाडासीबा तथा चंबा जनपद की डल्हौजी तथा सिहुंता तहसीलों के युवा भर्ती के लिए दावेदारी जताएंगे। इन तहसीलों से 4543 युवाओं ने अपना ऑनलाइन पंजीकरण करवा रखा है। 

मौसम डाल सकता है खलल

15 नवम्बर को मौसम विज्ञान विभाग ने मध्य तथा उच्चपर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश, हिमपात व ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार कांगड़ा जनपद में भी यह स्थिति बनी रहेगी, ऐसे में भर्ती रैली के लिए पहुंच रहे युवाओं का जहां परेशानी का सामना करना पड़ सकता है वहीं आयोजकों को भी विपरीत मौसम में रैली करवाने में परेशानी आ सकती है। उधर धौलाधार पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्का हिमपात होने लगा है, जिस कारण तापमान में गिरावट आई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News