विधायक अर्जुन सिंह के कवरिंग कैंडीडेट ने दिया इस्तीफा, विधायक पर जड़े कई आरोप

Friday, Nov 16, 2018 - 09:17 AM (IST)

ज्वाली (ललित): नगर पंचायत ज्वाली के पार्षद व भाजपा विधायक अर्जुन सिंह के नामांकन के समय कवरिंग कैंडीडेट रहे रवि कुमार ने अपने पद से त्यागपत्र दे दिया है। रवि कुमार ने अपना त्यागपत्र भाजपा मंडलाध्यक्ष उत्तम धीमान को सौंपा है। उन्होंने कहा कि पार्टी में रहने के बाद लोगों के कार्य नहीं हो रहे हैं। उन्होंने विधायक अर्जुन सिंह पर आरोप लगाया कि वे दलित विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी में लगातार कार्यकर्ताओं की अनदेखी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि अर्जुन सिंह को मात्र चापलूसों की जरूरत है, न कि ईमानदार कार्यकत्र्ताओं की। उन्होंने कहा कि जनता उनके रवैये से आहत है और अगर विधायक ने अपना रवैया नहीं बदला तो लोकसभा चुनाव में ज्वाली में पार्टी करीब 15 हजार डाऊन जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि मुझे जनता ने वोट देकर पहले पंचायत प्रधान बनाया और अब जनता के आशीर्वाद से ही पार्षद हूं, मुझे जनता की सेवा सर्वोपरि है।

रवि कुमार ने कहा कि लोस चुनाव तक किसी भी पार्टी में नहीं जाऊंगा तथा लोस चुनाव के उपरांत अपना राजनीतिक भविष्य देखूंगा। उन्होंने कहा कि आजाद था, आजाद हूं तथा आजाद ही रहूंगा। उन्होंने विधायक को चेताया कि अगर दलितों का शोषण करना बंद नहीं किया तो उनके खिलाफ प्रदर्शन करने से भी पीछे नहीं हटूंगा। इस बारे भाजपा मंडलाध्यक्ष उत्तम धीमान से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि रवि कुमार ने उनके पास अपना त्यागपत्र दिया है। उन्होंने कहा कि पार्टी की बात है तथा पार्टी रवि कुमार को जरूर मना लेगी। उनके साथ बैठ कर बात की जाएगी। इस बारे भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि मुझे इस बारे जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसा है तो जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी तक त्यागपत्र की कॉपी उन्हें नहीं मिली है।
 

Ekta