2022 में शीतकालीन ओलिम्पिक में देश का प्रतिनिधित्व करेंगे आरिफ खान, सोलंगनाला से है गहरा नाता

Sunday, Nov 21, 2021 - 07:28 PM (IST)

मनाली (ब्यूरो): बीजिंग में फरवरी, 2022 में होने जा रहे शीतकालीन ओलिम्पिक में आरिफ खान देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। गुलमर्ग के आधार शिविर में टंगमर्ग के रहने वाले आरिफ  के ओलिम्पिक में क्वालीफाई करने से मनाली में भी खुशी का माहौल है। आरिफ खान बीजिंग शीतकालीन ओलिम्पिक के लिए क्वालीफाई करने वाले देश के एकमात्र स्की खिलाड़ी हैं। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया के महासचिव रूप चंद नेगी ने कहा कि आरिफ का अटल बिहारी वाजपेयी पर्वतारोहण संस्थान सहित मनाली व सोलंगनाला की ढलानों से भी गहरा नाता रहा है। उन्होंने बताया कि 31 वर्षीय आरिफ खान 4 वर्ष की आयु से ही स्कीइंग कर रहे हैं। उनके पिता यासीन खान का गुलमर्ग में एक स्की स्टोर है और वह वहां घूमने आने वाले पर्यटकों के अलावा स्कीइंग के लिए बतौर गाइड भी अपनी सेवाएं उपलब्ध करवाते हैं।

आरिफ खान ने स्कीइंग अपनी दुकान के बाहर ही शुरू की थी। उन्होंने 12 साल की उम्र में पहली बार नैशनल जूनियर चैम्पियनशिप जीती थी। उन्होंने लगातार 3 वर्ष तक यह प्रतियोगिता जीती थी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में उन्होंने पहली बार एशियन एल्पाइन स्की चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। नेगी ने बताया कि खान ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और इस मुकाम तक जा पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरिफ खान की इस सफलता का श्रेय हिमाचल सरकार को भी जाता है। स्की एंड स्नो बोर्ड इंडिया को जयराम सरकार ने बहुत मदद दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय एथलीट आरिफ खान ने बीजिंग ओलिम्पिक 2022 के लिए केवल 5 दौड़ में से 4 दौड़ में क्वालीफाई किया है। यह भारत और स्की एंड स्नो बोर्ड भारत के लिए गर्व का क्षण है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay