कांग्रेस में निष्कासन के साथ नियुक्तियों का दौर जारी, 7 नए ब्लॉक अध्यक्ष बनाए

Saturday, Feb 10, 2018 - 11:28 PM (IST)

शिमला: हिमाचल कांग्रेस में निष्कासन के साथ नियुक्तियों का दौर भी जारी है। 37 नेताओं व पदाधिकारियों के निष्कासन का विवाद अभी थमा नहीं था कि कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 7 नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस ने ज्ञान सिंह चौहान को पांगी ब्लॉक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया है। इसी तरह जागीर सिंह मेहता को घुमारवीं, विनोद कुमार बीटू को हरोली, संजीव ठाकुर को कंडाघाट, राकेश कुमार को धर्मशाला, राजेश कुमार को धर्मशाला (सिटी) और लाल चंद मरकोनी को निरमंड ब्लॉक कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। ये नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएंगी। 

नियुक्ति के बाद ब्लॉक कार्यकारिणियों को किया भंग
हाल ही में पार्टी ने उक्त सभी ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग कर दिया है। इसी कड़ी में अब नए ब्लॉक अध्यक्षों की नियुक्तियां की गई हैं, ऐसे में नवनियुक्त ब्लॉक अध्यक्ष अब अपनी कार्यकारिणियों का विस्तार करेंगे। इसके साथ ही आगामी दिनों में कुछ अन्य ब्लॉक कार्यकारिणियों में भी व्यापक फेरबदल हो सकता है। इसके साथ ही जिला और प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भी नए चेहरों को स्थान दिया जा सकता है। इसको लेकर पार्टी सभी पदाधिकारियों की कार्यप्रणाली का आकलन भी कर रही है। आगामी वर्ष होने वाले लोकसभा चुनाव से जोड़कर यह फेरबदल देखा जा रहा है। 

कई नेताओं के निशाने पर हैं सुक्खू
कांगे्रस प्रदेशाध्यक्ष पर निष्कासित किए गए कई नेता परोक्ष व अपरोक्ष तौर पर निशाना साध रहे हंै। आरोप लगाए जा रहे हैं कि पार्टी अध्यक्ष सुक्खू सोची-समझी रणनीति के तहत वीरभद्र सिंह के खेमे से जुड़े नेताओं को विस चुनाव की आड़ में संगठन से बाहर का रास्ता दिखाते हुए अपने करीबियों को संगठन में आगे कर रहे हैं। इस मसले पर कुछ नेता पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से हस्तक्षेप करने की भी मांग कर चुके हैं।