हिमाचल में सेब सीजन शुरू, सोलन-मंडी पहुंची पहली खेप

Saturday, Jul 06, 2019 - 10:37 AM (IST)

सोलन : प्रदेश में सेब सीजन की शुरूआत हो गई है। शुक्रवार को सोलन मंडी में सेब की 204 पेटियां पहुंचीं। सोलन मंडी में सेब का भाव अभी तक 1000 रुपए तक मिला है। सेब की यह खेप कुल्लू जिला के निचले क्षेत्रों व करसोग से आई थी। इसमें रैड जून वैरायटी की 28 व 29 जून को 65 व 50 पेटियां पहुंची थीं। अब शुक्रवार को टाइडमैन वैरायटी के सेब की 89 पेटियां पहुंची हैं। अभी प्रदेश के निचले हिस्सों कुल्लू, चौपाल, करसोग, कुमारसैन, सिरमौर के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों का सेब मंडी में बिक्री के लिए आएगा व इसके बाद ऊंचाई वाले क्षेत्रों से सेब की फसल शुरू होगी।

सेब मंडी पिछले वर्ष भी खुले स्थान पर शैड बनाकर तैयार की गई थी। हालांकि यहां पर पूर्व मुख्यमंत्री ने सेब मंडी भवन का शिलान्यास किया था, लेकिन अभी तक इसका कोई नामोनिशान नहीं है। सेब सीजन के बाद यह मंडी डंपिंग साइट के रूप में तबदील हो जाती है। अब फिर से यहां मिट्टी को समतल बनाकर यहां शैड बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही यहां पर आवश्यकतानुसार मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जा रही हैं।

ई-नाम के तहत बेचें उत्पाद

मंडी समिति के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि सेब की खेप शुक्रवार को पहुंची व इसे 700 रुपए से लेकर 1000 रुपए तक दाम मिले। इससे पहले 27-28 जून को कुल्लू से रेड जून सेब की 65 व 50 पेटियां सेब की आईं थी। मंडी को समतल किया जा रहा है व यहां पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। मंडी में आने वाले किसानों व बागवानों से अपील है कि अपने उत्पाद ई-नाम के तहत बेचें। इसके तहत किसानों को उनकी पेमैंट उसी दिन उनके खाते में डाली जा रही है। इसके लिए किसानों को एक बार अपना पंजीकरण ई-नाम के तहत मंडी समिति कर्मचारी के पास करवाना होगा, जिसके लिए अपना आधार व बैंक खाता संख्या साथ लाएं।

kirti