ये इटली का सेब अब बनेगा हिमाचल वासियों की शान

Friday, Feb 24, 2017 - 02:01 PM (IST)

कुल्लू : सेब की फसल के लिए विख्यात कुल्लू घाटी में अब इटली के सेब का भी उत्पादन होगा। विश्व बैंक द्वारा शुरू बागवानी विकास परियोजना के माध्यम से अब बागवानों के दिन बदलने वाले हैं। इटली का सेब अब हिमाचल की शान बनने जा रहा है। जिला कुल्लू में पुरानी सेब की किस्मों के साथ-साथ इटली के सेब को उगाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। बागवानी विभाग द्वारा जिला कुल्लू के बागवानों को फरवरी माह में अब तक 11,300 इटली के सेब के पौधे वितरित किए गए हैं। 2 वर्षों में ये पौधे फल देना शुरू कर देंगे।
 

इस सेब की मिलेगी ज्यादा कीमत
फल तैयार होने पर इसकी कीमत कुल्लू के सेब से ज्यादा मिलने की उम्मीद भी बढ़ गई है। गौरतलब है कि कुल्लू घाटी के सेब की बाहरी राज्यों में काफी मांग रहती है, ऐसे में 2 वर्षों में फल देने के लिए तैयार होने वाला इटली का सेब का पौधा बागवानों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने में सहायक होगा। बागवानी विभाग द्वारा जिला कुल्लू के बागवानों को वितरित किए गए ये पौधे 20 से 50 हैक्टेयर में लगाए जाएंगे। यही नहीं, विश्व बैंक द्वारा शुरू किए गए इस प्रोजैक्ट के तहत 7 साल तक प्रतिवर्ष बागवानों को उन्नत किस्म के विदेशी सेब के पौधे उपलब्ध करवाए जाएंगे। सेब का उत्पादन बढऩे से जहां घाटी के बागवानों को फायदा पहुंचेगा, वहीं जिला की अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बनेगी।