3600 रुपए तक बिक रही सेब की पेटी, बागबानों के खिले चेहरे

Friday, Aug 24, 2018 - 05:15 PM (IST)

सोलन (चिनमय): हिमाचल की सबसे बड़ी मंडियों में शुमार परवाणु और सोलन की मंडी में सेब ने दस्कत दे दी है। खरीददार भारत के कोने-कोने से सोलन का रुख करने लगे हैं। शुरूआती तौर पर उनको सेब के दाम बेहद अच्छे मिल रहे हैं जिसकी वजह से जहां एक ओर बागबान खुश नजर आ रहा है वहीं आढ़ती के चेहरों पर भी रौनक साफ देखी जा सकती है। हालांकि सोलन की सेब मंडी में परवाणु के तुलना में 50 प्रतिशत सेब की पेटियां कम पहुंची हैं फिर भी सोलन की सेब मंडियों में खासी रौनक देखी जा रही है।


जानकारी देते हुए एपीएमसी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप ने बताया कि सोलन में सेब नाम मात्र के लिए पैदा होता है, लेकिन उसके बावजूद भी सोलन की मंडियों में हिमाचल की कुल फसल का 40 प्रतिशत व्यापार सोलन की मंडियों से ही होता है। उन्होंने बताया कि अभी तक सोलन की मंडी में तीन लाख 40 हजार और परवाणु की सेब मंडी में करीबन 7 लाख सेब की पेटियां पहुंच चुकी हैं। उन्होंने बताया कि सोलन में हर वर्ष करीबन 35 लाख सेब की पेटियों की खरीद-फरोख्त होती है। अभी तक सबसे ज्यादा सेब की पेटी 3600 रुपए तक बिकी है और औसतन पेटी का रेट 2000 तक जा रहा है जिसकी वजह से बागबानों के चेहरे खिले हुए हैं और वह इस बार अच्छे मुनाफे की उम्मीद कर रहे हैं। 

Ekta