16 अगस्त से हिमाचल के दौरे पर आएंगे अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Tuesday, Aug 03, 2021 - 11:09 PM (IST)

हमीरपुर/शिमला (राजीव): केंद्र में कैबिनेट मंत्री बनने के उपरांत पहली बार अनुराग ठाकुर हिमाचल के 3 दिवसीय संभावित दौरे पर 16 अगस्त को आ रहे हैं। हमीरपुर के सांसद अनुराग ठाकुर के दौरे के लिए भाजपा ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। अनुराग ठाकुर के दौरे के दौरान केंद्र के कैबिनेट मंत्री के प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए उनके स्वागत की तैयारियों में भाजपा के बड़े स्तर के नेता रूट चार्ट बना रहे हैं। निर्धारित रूट चार्ट को दिल्ली भेजा जाएगा, उसके बाद प्रोटोकॉल के तहत केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का रूट तय होगा। प्रदेश के मंत्रियों सहित मुख्यमंत्री भी कैबिनेट मंत्री अनुराग ठाकुर के स्वागत में शरीक होंगे।

अनुराग दिल्ली से पहले धर्मशाला फिर पहुंचेंगे हमीरपुर : हरीश शर्मा

जिला भाजपा महामंत्री हरीश शर्मा का कहना है कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का 16 अगस्त से 3 दिवसीय हिमाचल दौरा संभावित है तथा उनके दौरे का रूट चार्ट बना कर दिल्ली भेजा जाएगा, जिसके बाद वहां से ही स्वीकृति मिलेगी कि उनका रूट चार्ट कैसा होगा। उन्होंने कहा कि 16 अगस्त को अनुराग ठाकुर सुबह ही दिल्ली से धर्मशाला पहुंचेंगे। इसके बाद वहां से सड़क मार्ग से देहरा, परागपुर विस क्षेत्रों से होते हुए नादौन से वाया गलोड़ होकर हमीरपुर पहुंचने की संभावना है। अगले कार्यक्रम बाद में तय होंगे।

दिल्ली में अनुराग ठाकुर से मिले अविनाश राय खन्ना

भाजपा प्रदेश प्रभारी एवं रैडक्रॉस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने नई दिल्ली में केंद्रीय खेल, सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। उन्होंने अनुराग ठाकुर को महत्वपूर्ण मंत्रालयों की कमान संभालने पर शुभकामनाएं दीं। अविनाश राय खन्ना ने अनुराग ठाकुर को रैडक्रॉस की पुस्तिका इनीशिएटिवस एवं स्वयं अपनी लिखी पुस्तक माय एक्सपीरियंस ड्यूरिंग कोविड-19, ए बिग सैल्यूट टू कोरोना वॉरियर्स भेंट की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News