प्रदेश भर में गांधी जयंती की धूम, अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस पर साधा निशाना (Video)

Wednesday, Oct 02, 2019 - 04:01 PM (IST)

ऊना (अमित): केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऊना में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस महात्मा गांधी, सरदार वल्लभ भाई पटेल और डॉ. भीमराव अम्बेडकर को भूलकर केवल एक परिवार तक सिमट कर रह गई है। अनुराग ने कहा कि भाजपा ने जहां सरदार वल्लभ भाई पटेल का सबसे बड़ा स्टैच्यू बनवाया, वहीं अंबेडकर को याद करते हुए विशेष सत्र बुलाने के साथ-साथ कई स्मारक भी बनवाए। अनुराग ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर भाजपा के सांसद देशभर में 150 किलोमीटर की पदयात्रा कर रहे हैं। 

केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने बुधवार ऊना दौरे के दौरान राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती पर आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। सबसे पहले अनुराग ने हिमाचल के प्रवेश द्वार मैहतपुर में जिला भाजपा द्वारा आयोजित निशुल्क स्वास्थ्य शिविर और पदयात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर, विधायक राजेश ठाकुर और पूर्व मंत्री प्रवीण शर्मा भी मौजूद रहे। अनुराग ने मैहतपुर में लोगों को प्लास्टिक मुक्त भारत का आह्वान किया। लोगों को कपड़े के बैग भी वितरित किए।

इसके बाद अनुराग ने मैहतपुर से पदयात्रा करते हुए सड़क में बिखरे प्लास्टिक को एकत्रित करते हुए श्रमदान किया। वहीं जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न गांव में आयोजित श्रमदान कार्यक्रमों में भी अनुराग ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। अनुराग ने देशवासियों को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर शुभकामनाएं दी, वहीं लोगों के महात्मा गांधी के बताए रास्ते पर चलने का आह्वान किया। अनुराग ने कहा कि स्वच्छता अभियान को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने जिस तरह से पहल की है उससे देश आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब सिंगल यूज प्लास्टिक पर भी लोगों को खुद आगे आना होगा, ताकि स्वच्छ भारत और स्वस्थ्य भारत का निर्माण हो सके।

अनुराग ने पीएम मोदी के हाउड़ी मोदी कार्यक्रम को सफल करार देते हुए कांग्रेस और पाकिस्तानी पीएम इमरान खान पर भी चुटकी ली। अनुराग ने कहा कि कांग्रेस के पीएम के लिए जहां अपने ही देश में 500 लोग नहीं जुटते थे। मोदी जी के लिए विदेशों में भी हजारों लोगों की भीड़ उमड़ रही है। अनुराग ने कहा कि पाकिस्तान के पीएम इमरान खान आज दुनिया भर में कटोरा लेकर घूम रहे है। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दुनियाभर में भारत का पक्ष और उपलब्धियां बता रहे हैं।
 

Ekta