CAA को लेकर भ्रम फैलाने से बाज आए कांग्रेस : अनुराग ठाकुर

Sunday, Dec 29, 2019 - 10:37 PM (IST)

धर्मशाला (ब्यूरो): वित्त एवं कार्पोरेट अफेयर्स राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 (सीएए) पर कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दल लोगों के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। धर्मशाला में मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि सीएए नागरिकता लेने नहीं बल्कि नागरिकता देने का कानून है। अनुराग ने कहा कि नागरिक संशोधन अधिनियम धार्मिक उत्पीडऩ के शिकार बने बंगलादेश, पाकिस्तान और अफगानिस्तान से आने वाले अल्पसंख्यकों को देश की नागरिकता देने के लिए लागू किया गया है।

एक्ट को न पढ़ने वालों में सोनिया व राहुल गांधी भी शामिल

अनुराग ने कहा कि सीएए क्या है इसे बहुत सारे लोगों ने नहीं पढ़ा है। एक्ट को न पढ़ने वालों में सोनिया गांधी व राहुल गांधी भी शामिल हैं। इनको वो बीमारी है कि अध्ययन करना नहीं, लेकिन दुनिया भर में झूठ बोलना है। उन्होंने कहा कि यह नागरिकता देने का कानून है, छीनने का नहीं है। इसमें देश के किसी भी नागरिक को अपनी नागरिकता सिद्ध करने या उनकी नागरिकता को छीनने का कोई प्रावधान नहीं है।

डिटेंशन सैंटर पर भी झूठ बोल रही कांग्रेस

अनुराग ने कहा कि डिटेंशन सैंटर पर भी कांग्रेस झूठ बोल रही है। सच्चाई यह है कि वर्ष 2009 में जब मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री व तरुण गोगोई असम के मुख्यमंत्री थे, उस समय ये डिटेंशन सैंटर बनाए गए थे। उन्होंने कहा कि एनआरसी भी कांग्रेस की ही देन है जिसे पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 1985 में असम समझौते के दौरान सामने लाया व इसके लिए बाकायदा कानून बनाया। यूपीए सरकार के समय इसमें संशोधन किया गया जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने असम में लागू किया। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एनआरसी पर कोई कानून नहीं बनाया, फिर भी कांग्रेस देश में इसे लेकर झूठ बोल रही है। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद हुए नेहरू-लियाकत समझौते की गलती को सुधार कर मोदी सरकार ने पड़ोसी देशों के अल्पसंख्यकों को देेश की नागरिकता देने के लिए कदम बढ़ाया है।

पाकिस्तान में बचे मात्र 3.7 फीसदी अल्पसंख्यक

उन्होंने कहा कि भारत अपने पड़ोसी देशों के साथ हुए सभी समझौतों का पालन करने वाला धर्मनिरपेक्ष राष्ट्र है मगर पड़ोसी देशों ने सदैव भारत को धोखा दिया है। 1947 में पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों की आबादी 23 प्रतिशत थी जो 2011 में घटकर 3.7 प्रतिशत हो गई। 1947 में पूर्वी पाकिस्तान (अब बंगलादेश) में अल्पसंख्यकों की आबादी 22 प्रतिशत थी जो 2011 में मात्र 7.8 प्रतिशत रह गई। वहां से आए लाखों शरणार्थी यातनाएं झेल रहे हैं, उन्हें आज तक शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं व रोजगार नहीं मिला है।

राजनीतिक अवसरवादिता के चलते कांग्रेस है खिलाफ

अनुराग ने कहा कि कांग्रेस राजनीतिक अवसरवादिता के चलते आज अपने पूर्व प्रधानमंत्रियों नेहरू, इंदिरा व राजीव गांधी की विचारधारा के खिलाफ खड़ी हो गई है। वर्ष 2003 में पूर्व पीएम मनमोहन सिंह ने इसकी वकालत करते हुए राज्यसभा में भाषण दिया एवं पत्र भी लिखा था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में वामपंथी नेता प्रकाश करात, अशोक गहलोत व तरुण गोगोई समेत अन्य सभी लोगों ने इसे लागू करने को लेकर पत्र लिखा था। अब मोदी सरकार ने इसे लागू कर दिया तो यह विपक्षी दलों को बर्दाश्त नहीं हो रहा है। यह उनके दोहरे चरित्र का प्रमाण है।

Vijay