फ्रांस से भारत पहुंची राफेल की पहली खेप, दुश्मनों के हौसले हाेंगे पस्त : अनुराग ठाकुर

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2020 - 04:37 PM (IST)

हमीरपुर (राजीव): केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट अफेयर्स राज्यमंत्री अनुराग ठाकुर ने फ्रांस से राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप के भारत पहुंचने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इससे देश की सामरिक शक्ति में कई गुना बढ़ौतरी होने व दुश्मनों के हौसले पस्त होने की बात कही है। उन्होंने कहा किभारत युद्ध नहीं बुद्ध का देश है और हम सदा से ही शांति व सद्भावना के अनुयायी रहे हैं लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। यह नया भारत है जो शांति की भी बात करता है और देश पर बुरी नजर डालने वाले दुश्मनों की आंखों में आंखें डालकर बात करना भी जानता है।

उन्होंने कहा कि आज देश के सैन्य इतिहास में एक नए युग का सूत्रपात हुआ है। भारतीय वायु सेना आक्रमकता को धार देने के लिए फ्रांस से राफेल विमानों की पहली खेप में 5 राफेल फाइटर जैट के भारत पहुंचने से देश की सामरिक शक्ति में कई गुना बढ़ौतरी के साथ-साथ देश के दुश्मनों के हौसले पस्त होंगे। वायु सेना के बेड़े में 22 वर्षों बाद नए लड़ाकू विमानों के शामिल होने से सेना और देशवासियों का हौसला बुलंदियों को छू रहा है।

उन्होंने कहा कि अंबाला एयरबेस पर 17वीं गोल्डन एरो स्क्वॉड्रन राफेल की पहली स्क्वॉड्रन होगी। एटमी हथियार ले जाने की ताकत रखने वाला ये विमान दुनिया में अकेला ऐसा फाइटर एयरक्राफ्ट है जो 55 हजार फुट की ऊंचाई से भी दुश्मन को तबाह करने की ताकत रखता है। फ्रांस और भारत के बीच 36 राफेल विमान खरीदने का करार हुआ है, जिसमें पहले 5 लड़ाकू विमान सुरक्षित भारत की सरजमीं पर उतर चुके हैं।

सुरेश कश्यप के ऊर्जावान नेतृत्व में बढ़ेगा भाजपा परिवार

वहीं उन्हाेंने सुरेश कश्यप को भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए उनके नेतृत्व में पार्टी का परिवार बढ़ने व इसके नई ऊंचाइयों पर पहुंचने की बात कही है। उन्हाेंने कहा कि ‪सुरेश कश्यप के ऊर्जावान नेतृत्व में भाजपा हिमाचल का परिवार बढ़ेगा, कार्यक्रमों के सुचारु व भव्य क्रियान्वयन होगा और पार्टी नई ऊंचाइयों पर पहुंचेगी इसका हमें पूर्ण विश्वास है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News