पंजाब प्रांत के राजनीतिक दल देश के किसानों को कर रहे भड़काने का काम : अनुराग

Wednesday, Oct 21, 2020 - 11:26 PM (IST)

बिलासपुर (राम सिंह): केंद्रीय वित्त एवं कॉर्पोरेट अफेयर्ज राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने जिला बिलासपुर के एकदिवसीय दौरे के दौरान अपने-अपने चिरपरिचित अंदाज में कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। हालांकि इस दौरान उन्होंने पंजाब प्रांत के राजनीतिक दलों पर भी बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि पंजाब प्रांत के राजनीतिक दल देश भर के किसानों को भड़काने का काम कर रहे हैं क्योंकि उन्हें देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के द्वारा किसान हित में किए गए कार्य रास नहीं आ रहे हैं।

कांग्रेस पार्टी ने वर्ष 2017 के विधानसभा चुनावों में और 2014 और 2019 के लोकसभा चुनावों में अपने घोषणा पत्र में कहा था मंडी एक्ट के बाहर किसानों को अनाज बेचने, फसल बेचने की सुविधा प्रदान की जाएगी। आज कांग्रेसी इसका विरोध कर रहे हैं। अनुराग ठाकुर ने पूछा कि क्या कांग्रेस का घोषणापत्र झूठा था या आज की कांग्रेस झूठी है। अनुराग ठाकुर ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि कांग्रेस की सरकारें झूठी हैं और किसानों को कांग्रेस पार्टी के द्वारा हमेशा गुमराह किया जाता रहा है जबकि केंद्र की मोदी सरकार ने हमेशा ही किसानों के हित में फैसले लिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी यह कहती है कि एमएसपी खत्म हो जाएगी।

उन्होंने कहा कि वह स्पष्ट रूप से कह देना चाहते हैं कि एमएसपी प्रशासनिक प्रक्रिया है आज भी है और आगे भी चलती रहेगी। अनुराग ठाकुर ने भानुपल्ली से बिलासपुर, लेह-लद्दाख के लिए प्रस्तावित रेल मार्ग के बारे में भी प्रकाश डालते हुए कहा कि जो तनाव के हालात वर्तमान समय में भारत व चीन के बीच में उपजे हुए हैं उससे देश की सुरक्षा एवं सामरिक दृष्टि से इस बहुउद्देश्यीय रेल मार्ग की उपयोगिता बढ़ जाना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इस रेल मार्ग का सर्वेक्षण पूर्ण किया जा चुका है। 20 किलोमीटर तक इस रेल मार्ग का कार्य आरंभ हो चुका है जबकि इसके आगे 20 किलोमीटर भू-भाग का भूमि अधिग्रहण किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इस रेल मार्ग के निर्माण के प्रति उन्होंने पिछले दस वर्षों के दौरान निरंतर कड़ा संघर्ष किया है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में अटल टनल का उद्घाटन कर उसे देश की जनता को समॢपत किया उसी तर्ज पर भानुपल्ली से बिलासपुर, लेह-लद्दाख रेल मार्ग का निर्माण कार्य तीव्र गति से पूर्ण कर इसका भी उद्घाटन किया जाएगा। यह उन्हें उम्मीद ही नहीं अपितु पूर्ण विश्वास है। इस दौरान मंत्री राजेंद्र गर्ग, सदर विधायक सुभाष ठाकुर सहित भाजपा के कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। 

Vijay