अनुराग ठाकुर की ताजपोशी के जश्न में डूबा हमीरपुर

Friday, May 31, 2019 - 11:11 AM (IST)

हमीरपुर : हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से भाजपा के सांसद अनुराग ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर जिला मुख्यालय में पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकत्र्ताओं ने जश्न मनाया। इस मौके पर स्थानीय भाजपा मंडल के महामंत्री हरीश शर्मा के नेतृत्व में एल.ई.डी. स्क्रीन गांधी चौक पर लगाई गई। इस मौके पर काफी संख्या में लोगों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह का लुत्फ उठाया। जैसे-जैसे मंत्रिमंडल के सदस्य शपथ लेते गए, उसी तर्ज पर भाजपा कार्यकत्र्ता भारत माता की जय और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में नारेबाजी करते रहे।

इस मौके पर पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटकर एवं आतिशबाजी चलाकर खुशी मनाई। इस मौके पर भाजपा नेता एवं पदाधिकारी अजय शर्मा, संदीप भारद्वाज, वेद प्रकाश भारद्वाज, अभयवीर लवली, अंकुश दत्त शर्मा, विशाल पठानिया, वीना कपिल व पंकज मिन्हास आदि उपस्थित थे। इस मौके पर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकत्र्ताओं ने अनुराग ठाकुर के मंत्रिमंडल में शामिल होने पर उनके पक्ष में नारेबाजी की और पार्टी कार्यकत्र्ता एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई देते दिखाई दिए।

भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने निभाया अपना वायदा

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बिलासपुर में चुनावी जनसभा में अनुराग ठाकुर को बड़ा नेता बनाने का जो वायदा किया था, उन्होंने वह पूरा कर दिया है। चौथी बार सांसद चुने गए अनुराग ठाकुर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल में मंत्री पद पर ताजपोशी दी है। जैसे ही टी.वी. चैनलों व सोशल मीडिया में अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल करने का समाचार मिला तो जिलाभर में लोग खुशी से झूम उठे और कई स्थानों में मिठाइयां बांटीं और आतिशबाजी कर जश्न मनाया। अनुराग के पैतृक आवास समीरपुर में बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। लोग पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को बधाई देने पहुंचे।

इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर तथा उनके मंत्रिमंडल के सदस्य व पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के अतिरिक्त प्रदेश के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में शामिल होने पर बधाई दी। अनुराग ठाकुर के मंत्री बनने पर उनके समर्थक काफी गद्गद् हो गए। अनुराग ठाकुर ऐसे पहले सांसद हैं जो लगातार चौथी बार चुने गए हैं। इस बार उन्होंने रिकार्ड मतों से विजय हासिल की।

उल्लेखनीय है कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने चुनाव प्रचार के दौरान बिलासपुर में अनुराग ठाकुर को विजय करने के बदले बड़ा नेता बनाने की बात कही थी। आज वह बात अपने आप ही सच होती दिखी, जब अनुराग ठाकुर मंत्री बने। केंद्र में मोदी सरकार दूसरी बार बनने जा रही है। इससे पहले अनुराग ठाकुर को मंत्रिमंडल में स्थान नहीं मिला तो पार्टी ने उन्हें मुख्य सचेतक बनाया था, परंतु इस बार हिमाचल प्रदेश को मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व मिला है।

इससे पहले जे.पी. नड्डा को मंत्रिमंडल में जिम्मेदारी सौंपी गई थी, लेकिन इस बार उन्हें भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चा है। पूर्व जिला परिषद सदस्य आशा शर्मा के नेतृत्व में महिलाओं ने बुधवीं में बैठक करके सांसद अनुराग ठाकुर को बधाई संदेश प्रेषित किया है। इस मौके पर विमला देवी, अनीता ठाकुर, किरण वाला, सन्नी, पवना, पूनम, कांता, नीलम व रक्षा आदि मौजूद रही। इस मौके पर महिलाओं ने लड्डू भी बांटे व मतदाताओं का आभार जताया।

kirti