अनुराग ठाकुर के घर पर लगा बधाई देने वालों का तांता, कार्यकर्ताओं के लिए परोसी धाम (Video)

Friday, May 24, 2019 - 05:39 PM (IST)

हमीरपुर (अरविंदर): लोकसभा चुनावों में चौथी बार रिकॉर्ड जीत दर्ज करने पर अनुराग ठाकुर के घर समीरपुर में देर रात तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। वहीं शुक्रवार सुबह से ही हजारों की तादाद में कार्यकर्ता बधाई देने पहुंचे हुए थे। समीरपुर में घर पर पूर्व सी.एम. प्रेम कुमार धूमल के अलावा छोटे बेटे अरूण धूमल व विधायक कमलेश कुमारी भी मौजूद रहीं।

दूर-दूर से आ रहे कार्यकर्ताओं में जोश दिखा तो कार्यकर्ताओं ने मिठाई खिलाकर भी एक-दूसरे को बधाई दी। वहीं कार्यकर्ताओं के लिए विशेष तौर पर धाम का आयोजन भी किया गया था। अपनी जीत पर अनुराग ठाकुर ने कहा कि नतीजों के बाद भी रात करीब 3 बजे तक लोगों का हुजूम घर पर लगा रहा है और इस जीत के लिए मोदी और अमित शाह का आभार जताया। उन्होंने 4 लाख मतों से जिताने के लिए जनता का भी आभार जताया और कहा कि जनता द्वारा दी गई जिम्मेदारी को दिल से निभाऊंगा।

जनता ने कांग्रेस को दिखाया आईना

चुनावों में कांग्रेस के कई राज्यों में खाते भी न खोल पाने पर अनुराग ने कहा कि सालों तक अन्याय करने वाले चुनावों में न्याय की बात करने पर जनता ने कांग्रेस को आईना दिखाया है। उन्होंने इसे मोदी मैजिक बताया है। उन्होंने कहा कि लोगों का विश्वास मोदी में था कांग्रेस में नहीं था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने नेतृत्व के बारे में चिंता करने की जरूरत है और कांग्रेस के भ्रष्ट नेताओं के चेहरों को जनता पंसद नहीं करती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद हमेशा जिम्मेदारियों को निभाया है और विश्वास दिलाता हूं कि संसदीय क्षेत्र के लिए प्रयास होंगे। उन्होंने कहा कि पहले भी जनता के लिए विकास करवाया है और संसदीय क्षेत्र के लिए नए प्रोजैक्ट लाए जाएंगे।

मोदी ने देश में करवाया समान विकास

लोकसभा चुनावों में मिली रिकॉर्ड जीत को लेकर उन्होंने कहा कि यह पहला चुनाव देश का रहा है कि जिसमें मंहगाई और भ्रष्टाचार मुद्दे नहीं रहे है और यह सब नरेन्द्र मोदी के कारण हो सका है। उन्होंने कहा कि मोदी ने देश में समान विकास करवाया है जिस कारण ही कांग्रेस कई राज्यों में खातें भी नहीं खोल सकी है।

Vijay