अनुराग बोले-दागी न मांगें हिसाब, सुखविंदर सुक्खू करें बहस

Friday, Jul 06, 2018 - 10:35 PM (IST)

नादौन: युकां का उनकी अनुपस्थिति में उनके घर का घेराव करने का कार्यक्रम महज एक नाटक था तथा इसका उद्देश्य मात्र लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचना था। नादौन में पत्रकारों से बातचीत में अनुराग ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस तो पहले ही मुद्दाविहीन है, अब युकां भी इसी श्रेणी में आ गई है। उनसे हिसाब मांगने का हक न तो कांग्रेस को है और न ही युकां को। कांग्रेस पहले पिछले 60 साल का हिसाब दे। क्यों 60 साल में भारत ने अपेक्षाकृत कम उन्नति की। घोटालेबाजों ने भारत के विकास को आगे नहीं बढऩे दिया। सरकारों की आंख के नीचे घोटाले होते रहे परंतु कोई मौन रहा तो किसी ने जानबूझ कर आंखें बंद रखीं और देश को लुटने दिया। आज दागदार पार्टी के लोग उनसे हिसाब मांग रहे हैं।


सुक्खू को दी बहस की खुली चुनौती
उन्होंने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को खुली चुनौती देते हुए कहा कि वह हमीरपुर लोकसभा क्षेत्र विकास पर उनसे कहीं भी बहस कर लें। पिछले 4 साल में मोदी सरकार में कोई घोटाला नहीं हुआ, जिसके कारण देश ने विकास की राह पकड़ी। आज देश की विकास दर पिछले वर्षों से सबसे बेहतर है। भारत ने विकासशील देशों की श्रेणी में लंबी छलांग लगाकर अपनी स्थिति बेहतर की है। अनुराग ठाकुर ने कहा कि उन्होंने लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत 3 जिलों का भरपूर विकास करवाया है। हर जिले के लिए उन्होंने करोड़ों के प्रोजैक्ट स्वीकृत कराए हैं, जिन पर काम शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू केवल वोट बैंक की राजनीति करते हैं और लोगों को गुमराह करते हैं।

Vijay