अनुराग ने साधा निशाना, बोले-राफेल मामले में राहुल गांधी और कांग्रेस की खुली पोल

Saturday, Aug 04, 2018 - 10:34 PM (IST)

हमीरपुर: लोकसभा के मुख्य सचेतक और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि राफेल डील मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस की पोल खुली है। उन्होंने कहा कि जिस राफेल डील के मामले में कांग्रेस हो-हल्ला कर रही है। उसके बारे में खुद फ्रांस के राष्ट्रपति ने मीडिया में जानकारी देते हुए बताया था कि भारत और फ्रांस के बीच हुई राफेल डील को जगजाहिर नहीं किया जा सकता, इससे 2 देशों के व्यापार संबंधों में फर्क पड़ेगा तथा दूसरे देशों व दुश्मनों को फ्रांस व भारत की ताकत का पता चल जाएगा।

10 वर्षों तक सत्ता में रहकर भी राफेल डील नहीं कर पाई कांग्रेस
उन्होंने कहा कि फ्रांस और भारत के बीच जो राफेल सौदा हुआ है वह पूरी तरह पारदर्शिता और दोनों देशों के हित में हुआ है, इसे सार्वजनिक नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 10 वर्षों तक सत्ता में रही लेकिन भारतीय सेना की ताकत बढ़ाने के लिए राफेल डील को नहीं कर पाई। उन्होंने कहा कि फ्रांस से एयर क्राफ्ट कांग्रेस समय में हुई राफेल डील के मूल्य के हिसाब से ही खरीदे गए हैं तथा इससे जुड़ी अन्य चीजों को देश हित में जगजाहिर नहीं किया जा सकता है।

नैशनल स्पोर्ट्स बिल पास होने से खेलों को मिलेगा बढ़ावा
इससे पहले लोकसभा में मुख्य सचेतक बनने के उपरांत गृह जिला हमीरपुर पहुंचे सांसद अनुराग ठाकुर का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान सांसद अनुराग ठाकुर प्रैस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि नैशनल स्पोर्ट्स बिल पास होने से देश में खेलों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने कहा कि मेघालय में खेल यूनिवर्सिटी बनने से देश में विभिन्न खेलों में अच्छे कोच मिलेंगे। 

Vijay