अनुराग बोले- जनता मांग रही रेल, CM को चाहिए बेल

Saturday, Jun 24, 2017 - 02:59 PM (IST)

शाहतलाई/गेहड़वीं: बिलासपुर के झंडूता विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की परिवर्तन रथयात्रा का आगाज बाबा बालक नाथ की तपोभूमि शाहतलाई से हुआ। लोकसभा सांसद अनुराग ठाकुर की अगुवाई में रथयात्रा भगतपुर, घराण, गंगलोह, बरोहा, गेहड़वीं, समोह, पनौल, सुन्हाणीं, भड़ोलीकलां व झंडूता होते हुए बरठीं पहुंची। झंडूता के विधायक रिखी राम कौंडल सहित भाजपा के कई अन्य नेता भी उनके साथ रहे। बाद में बरठीं में जनसभा का आयोजन किया गया। 


जनता मांग रही रेल, मुख्यमंत्री को चाहिए बेल
जनसभा को संबोधित करते हुए अनुराग ने कहा कि हिमाचल में पिछले साढ़े 4 सालों से ड्रग्स, खनन, वन व शराब माफिया का बोलबाला है। गुंडागर्दी और भ्रष्टाचार भी चरम पर है। खुद राज्य के मुखिया ही भ्रष्टाचार के मामलों में अदालती कार्रवाई का सामना कर रहे हैं। राज्य की जनता रेल चाहती है जबकि मुख्यमंत्री बेल के लिए दौड़-धूप कर रहे हैं। कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। अब हिमाचल भी परिवर्तन की राह देख रहा है। उन्होंने कहा कि यू.पी.ए. सरकार ने हिमाचल के स्पैशल पैकेज को बंद कर दिया था जिसे मोदी सरकार ने आते ही बहाल कर दिया। इसके साथ ही केंद्र सरकार हिमाचल को 90% पैसा भी दे रही है।  


राज्य सरकार ने नगरोटा में कक्षाएं चलाने की योजना बनाई
बिलासपुर में हाईड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज स्वीकृत करवाया गया है लेकिन उसकी कक्षाएं राज्य सरकार ने नगरोटा में चलाने की योजना बनाई है। यह बिलासपुर की जनता से अन्याय है। शिमला नगर निगम चुनाव के नतीजों से साबित हो चुका है कि प्रदेश की जनता परिवर्तन के लिए तैयार है। इससे पहले झंडूता विस क्षेत्र के विधायक रिखी राम कौंडल ने भी जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राज्य में कार्य वहीं रुके पड़े हैं जहां पूर्व भाजपा सरकार ने उन्हें छोड़ा था। हिमाचल में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद केंद्र सरकार बिना किसी भेदभाव के इस राज्य की खुलकर मदद कर रही है।