अनुराग ने भारत-रूस के संबंधों पर कही यह बात, जानने के लिए पढ़ें खबर

Tuesday, Mar 06, 2018 - 09:52 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने दिल्ली में रूस के प्रतिनिधियों का स्वागत कर दोनों देशों के बीच संबंध प्रगाढ़ करने की दिशा में विभिन्न मुद्दों राजनीति, सुरक्षा, न्यूक्लियर, आतंकवाद से निपटने और अंतरिक्ष कार्यक्रम पर अपने विचार रखे। रूसी अतिथियों को सम्बोधित करते हुए अनुराग ने कहा कि अभी पिछले ही साल अप्रैल में रूस और भारत ने अपने 70 साल के राजनयिक संबंधों का जश्न मनाया। भारत और रूस ने कठिन समय में भी अपने रिश्तों की डोर कमजोर नहीं पडऩे दी और यही बंधन इन दोनों देशों के रिश्तों की खूबसूरती है। 

वर्ष 2000 में जब तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निमंत्रण पर राष्ट्रपति पुतिन ने भारत की पहली यात्रा की जिसकी वजह से भारत और रूस के संबंधों में और मजबूती आई। वर्ष 2001 में नरेंद्र मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री वाजपेयी के आधिकारिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य थे और करीब 16 साल बाद जब नरेंद्र मोदी ने भारतीय प्रधानमंत्री के रूप में रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मुलाकात की तो उनका यह बयान एक पुराना दोस्त 2 नए दोस्तों से बेहतर है, दोनों देशों के रिश्ते की गहराई को बयान करता है।

उन्होंने कहा कि रूस खेल के क्षेत्र में विश्व का सिरमौर रहा है विशेष रूप से शीतकालीन खेलों में रूस का अपना अलग मुकाम है। यह एक ऐसा क्षेत्र है जहां हम परस्पर सहयोग कर सकते हैं। यदि भारत को शीतकालीन ओलिम्पिक में ओलिम्पिक स्वर्ण जीतना है तो हमें अपने खेल के बुनियादी ढांचे का विकास करना होगा और स्कूल स्तर पर ही प्रतिभाओं की पहचान कर उन्हें विश्व स्तरीय खेल सुविधाएं मुहैया करानी होंगी।