अनुराग बोले-मोदी ने भ्रष्टाचारियों पर नकेल कसकर देश को दी नई दिशा

Friday, Aug 24, 2018 - 10:47 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): लोकसभा चीफ व्हिप व हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि मोदी सरकार के कार्यकाल में जनहित में चल रहीं योजनाओं में भ्रष्टाचार खत्म हुआ है। नरेन्द्र मोदी देश को नई दिशा देने वाले प्रधानमंत्री हैं। उन्होंने कहा कि आज देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के पथ पर अग्रसर है। 2014 में केन्द्र में नई सरकार के गठन के बाद देशवासियों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाएं चलाई गईं। उन्होंने कहा कि पहले जिन सरकारी योजनाओं को भ्रष्टाचार की खान माना जाता था और कांग्रेस के पूर्व प्रधानमंत्री ने इन योजनाओं में भ्रष्टाचार का जिक्र करते हुए 1 रुपए में से 15 पैसे ही गरीबों तक पहुंचने की बात कही थी, आज उसी दिल्ली से चले 1 रुपए में से 100 पैसे लोगों तक पहुंच रहे हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने भ्रष्टाचार और भ्रष्टाचारियों पर नुकेल कस कर देश के विकास को एक नई गति दी है।

मोदी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार ने भ्रष्टाचार और कालेधन के सारे रास्तों को बंद करने के लिए एक के बाद एक कई कानून बनाए। नोटबंदी व जी.एस.टी. जैसे बड़े फैसले लिए। सरकार द्वारा लिए फैसलों ने विकास कार्यों में भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में अहम काम किया है। इसका असर यह रहा कि पिछले 4 सालों में मोदी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। ट्रांसपेरैंसी इंटरनैशनल के अनुसार जहां 2013 में भारत की रैंकिंग 94 थी, वह 2018 में 81 हो गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 4 सालों में आर्थिक व्यवस्था और सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और संवेदनहीनता को खत्म करके एक सुशासन की व्यवस्था दी है, जो पिछली कांग्रेसी सरकारें करने में अक्षम थीं।

Vijay