अनुराग ने साधा निशाना, बोले-दुष्प्रचार और घटिया हथकंडे अपनाना कांग्रेस के DNA में

Monday, Nov 05, 2018 - 05:09 PM (IST)

ऊना (सुरेंद्र): सांसद अनुराग ठाकुर ने कहा कि पूर्व वीरभद्र सरकार ने एच.पी.सी.ए. मामले में उनकी और उनके परिवार की जलालत और प्रताडऩा में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। अम्ब में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में जनसभा को संबोधित करते हुए सांसद ने कहा कि वह पहली बार सार्वजनिक मंच से अपनी पीड़ा का इजहार कर रहे हैं। पूरी सरकारी मशीनरी केवल उन्हें प्रताडि़त करने में लगा दी थी। उन्होंने कहा कि एच.पी.सी.ए. मामले में सुप्रीम कोर्ट से एफ.आई.आर. रद्द होने से पहले उन्हें कई लोग आरोपी ही समझते थे। उन्होंने कहा कि ऐसा शायद पहली बार हुआ है जब राजनीति में आने से पहले किसी ने प्रदेश के लिए बड़ा कार्य किया हो। मात्र 26 वर्ष की आयु में उन्होंने हिमाचल के लिए अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की स्थापना धर्मशाला में करवाई थी। एक पहाड़ी का टुकड़ा उन्हें मिला था। यहां स्टेडियम बना तो दुनिया भर की क्रिकेट टीमों के खिलाड़ी खेलने के लिए पहुंचे। स्टेडियम की सराहना हुई लेकिन बदले में उन्हें केवल कोर्ट के केस ही मिले।

शिमला में क्रिकेट के विकास पर 10 पैसे भी खर्च नहीं कर पाए वीरभद्र
उन्होंने कहा कि उनका गुनाह क्या था। वीरभद्र सरकार ने रात 12 बजे स्टेडियम पर ताले जड़ दिए थे। यही नहीं, उनको जमकर प्रताडि़त भी किया गया। हिमाचल में क्रिकेट का ढांचा विकसित हुआ तो अनेक खिलाड़ी राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचे। महिला क्रिकेट अकादमी बनाई तो सुषमा वर्मा ने नाम रोशन किया और डी.एस.पी. का रैंक हासिल किया। मंडी के ऋषि धवन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर खेलने का मौका मिला। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिमला में क्रिकेट के विकास पर 10 पैसे भी खर्च नहीं कर पाए। केवल उन्होंने मेरे कदमों को रोकने के लिए पूरी ताकत लगा दी और प्रदेश के करोड़ों रुपए केसों पर खर्च किए।

स्टेडियम में आकर लेते थे वी.वी.आई.पी. पास, बाहर जाकर बनाते थे केस
उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के नेता स्टेडियम में आकर वी.वी.आई.पी. पास हासिल कर आनंद उठाते थे तो दूसरी तरफ उनके खिलाफ बाहर जाकर मामले बनाते थे। उन्होंने कहा कि दुष्प्रचार करना और घटिया हथकंडे अपनाना कांग्रेस पार्टी के डी.एन.ए. में है। झूठ बोलने के मामले में कांग्रेस ने तमाम रिकार्ड तोड़ दिए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे देश से खत्म हो रही है, ऐसे में आने वाले दिनों में इनके दुष्प्रचार से भाजपा को सावधान रहना होगा। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार हिमाचल के लिए प्रोजैक्ट मंजूर करती रही और वीरभद्र सरकार पूरी ताकत के साथ इन प्रोजैक्टों पर अड़ंगा लगाती रही। कांगे्रेसियों को चिंता सताती रही कि आखिर यह प्रोजैक्ट क्यों आ रहे हैं।

अम्ब अंदौरा को होशियारपुर से जोड़ने के लिए फाइनल सर्वे का कार्य शुरू
उन्होंने कहा कि अम्ब अंदौरा को होशियारपुर से रेललाइन से जोड़ने के लिए फाइनल सर्वे का कार्य शुरू कर दिया है। इसको लेकर रेल मंत्री से भी विस्तृत बातचीत की गई है। दौलतपुर चौक तक रेललाइन पहुंच चुकी है तथा इसके आगे का कार्य करने के लिए 80 करोड़ रुपए जारी किए गए हैं। तलवाड़ा तक रेललाइन पहुंचे इसके लिए पंजाब सरकार से जमीन देने का मामला उठाया गया है।

Vijay