अनुराग बोले- कांग्रेस के कई बड़े नेता सितम्बर में BJP करेंगे ज्वाइन

Sunday, May 28, 2017 - 11:22 AM (IST)

बिलासपुर: सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस एक डूबता जहाज है। यह बात उन्होंने बिलासपुर के घागस में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही। वह यहां भाजयुमो सदर मंडल के युवा सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह व कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह के बीच चल रही वर्चस्व की जंग से यह बात जगजाहिर हो गई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के एसोसिएट विधायक ने भाजपा ज्वाइन कर ली है तथा शेष एसोसिएट विधायक आगामी माह में ज्वाइन करेंगे। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के कई विधायक और कई बड़े नेता सितम्बर तक इस पार्टी में आने वाले हैं। 


कांग्रेस की सरकार प्रदेश का विकास कराने की बजाय विनाश कर रही
कांग्रेस की सरकार प्रदेश का विकास कराने की बजाय विनाश कर रही है। उन्होंने कहा कि वीरभद्र के विरुद्ध आय से अधिक संपत्ति मामले की जांच की प्राथमिकी पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह के समय हुई थी। उन्होंने कहा कि माफियाराज ने राज्य के संसाधनों को लूटकर प्रदेश के वातावरण को दूषित कर दिया है। खनन व वन माफिया के कारण प्रदेश के जलवायु पर प्रतिकूल असर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि राज्य 40,000 करोड़ रुपए के कर्ज में डूब गया है। मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के आरोपों से अपना बचाव करने में ही अपना सारा समय और प्रदेश सरकार की सारी मशीनरी को लगा रखा है।