अभिषेक राणा बोले-देहरा में CU कैंपस के शिलान्यास पर जनता को गुमराह कर रहे सांसद अनुराग

Tuesday, Aug 21, 2018 - 06:57 PM (IST)

हमीरपुर: प्रदेश युवा कांग्रेस के सचिव अभिषेक राणा ने देहरा में केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा देहरा क्षेत्र की जनता को बार-बार गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा हर 6-8 महीने के बाद सांसद अनुराग ठाकुर यह घोषणा कर देते हैं कि जल्दी ही यहां केंद्रीय विश्वविद्यालय का शिलान्यास किया जाएगा और फिर अपनी ही इस घोषणा को वह भूल कर शिलान्यास की बात को आगे सरका देते हैं। उन्होंने कहा कि इसी वर्ष मार्च में अनुराग ठाकुर ने अपनी झूठ बोलने की आदत से मजबूर होकर एक बार फिर यह घोषणा की थी कि केंद्रीय विश्वविद्यालय के देहरा कैंपस का शिलान्यास 3 महीने के अंदर किया जाएगा लेकिन 5 महीने बीत जाने के बावजूद शिलान्यास का पत्थर कहीं दिखाई नहीं दे रहा है।

विश्वविद्यालय को धरातल पर उतारने के कभी नहीं किए प्रयास
उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में केंद्र में यू.पी.ए. सरकार के कार्यकाल के दौरान केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने हिमाचल में केंद्रीय विश्वविद्यालय के कैंपस की मंजूरी दी थी। सांसद पहले तो इसका श्रेय लेने की जंग लड़ते रहे और केंद्र में मोदी सरकार आने के बाद उन्होंने इस विश्वविद्यालय को यहां धरातल पर उतारने के कभी भी प्रयास नहीं किए। उन्होंने कहा पूर्व वीरभद्र सरकार द्वारा यहां केंद्रीय विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए भूमि उपलब्ध करवाए जाने के बावजूद सांसद लगातार शिक्षा पर राजनीति कर रहे हैं और देहरावासियों की भावनाओं पर कुठाराघात करने में लगे हैं।

Vijay