अनुराग ने रजनी पाटिल के बयान पर ली चुटकी, कहा-मुंगेरी लाल के सपने देख रही कांग्रेस

Thursday, Nov 22, 2018 - 04:56 PM (IST)

ऊना (अमित): लोकसभा के मुख्य सचेतक एवं सांसद अनुराग ठाकुर ने ऊना जिला के एकदिवसीय दौरे के दौरान केंद्रीय योजनाओं के लाभार्थियों के घर द्वार पहुंचकर उनसे मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जिन लोगों को दरकिनार किया गया था मोदी सरकार ने उनको गले लगाया है। वहीं कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के हमीरपुर सीट जीतने के दावे को अनुराग ने मुंगेरी लाल का सपना करार दिया है। 


अनुराग ठाकुर ने ऊना शहर के वार्ड न. 10, वार्ड न. 4 और रामपुर गांव में केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उठाने वाले लोगों से मुलाकात की। जब अनुराग सभी के घर पहुंचे तो लाभार्थी उनको देख हैरान हो गए।

अनुराग ने लोगों से केंद्रीय योजनाओं का लिया फीडबैक

अनुराग ने लोगों से केंद्रीय योजनाओं का फीडबैक लिया। साथ ही लोगों ने भी उनसे योजनाओं के लाभ और नुक्सान बारे खुलकर चर्चा की। अनुराग ने कहा कि आजादी के 70 साल बाद भी जो लोग अनदेखी का शिकार हुए थे, उन्हें मोदी सरकार ने जनहितैषी नीतियां चलाकर गले लगाया है। अनुराग ने कांग्रेस प्रभारी रजनी पाटिल के इस बार हमीरपुर सीट पर कब्जा करने के दावे को मुंगेरी लाल का सपना बताया। उन्होंने कहा कि रजनी पाटिल कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी है और उनकी परेशानी को वो भली भांति समझ सकते है। अनुराग ने कहा कि सपने देखने का अधिकार सभी को है इसलिए वो भी सपने देख सकते है।     


 

Ekta