अनुराग का वार: जेल जाने से नहीं बच सकते CM वीरभद्र

Wednesday, Jul 05, 2017 - 10:32 AM (IST)

देहरा: राजनीतिक इतिहास में हिमाचल के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह अपने किए गए कथित भ्रष्टाचार से बचने के लिए न्यायालयों की दर-दर ठोकरें खाने को मजबूर हो चुके हैं। सीएम अपने किए गए कथित भ्रष्ट काले कारनामों के कारण जेल की हवा खाने से नहीं बच सकते हैं। यह शब्द हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के युवा भाजपा सासंद अनुराग ठाकुर ने मंगलवार को जसवां-परागपुर विधानसभा में भाजपा की परिवर्तन रैली के दौरान रक्कड़ में आयोजित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहे। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार जनता की आंखों में धूल झौंक कर भ्रष्टाचार के कीचड़ में आकंठ डूबी है। सत्तारूढ़ भ्रष्ट कांग्रेस के काले कारनामों से दिन-प्रतिदिन पूरे देश में लज्जित होने वाले राज्य की साख बचाने के लिए जनता को उससे मुक्त हिमाचल बनाना होगा।  


भाजपा पार्षद पर हुए हमले को लेकर सरकार को घेरा
अनुराग ने शिमला में भाजपा पार्षद पर हुए हमले को कांग्रेस के गुंडा राज से जोड़ते हुए कहा कि राज्य में उनके गुंडा माफिया से जनता असुरक्षित महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के सुनहरी भविष्य के लिए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा की 'सबका साथ-सबका विकास' की जनहित नीतियों पर विश्वास करके हिमाचल में ईमानदार और विकास की पक्षधर रही भाजपा की सरकार बनाने में अपना पूरा सहयोग दें। अनुराग ने कहा कि पूरे राज्य में चल रही परिवर्तन की लहर हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने का सुखद संकेत दे रही है।