BJP के पोस्टर से अनुराग और धूमल का फोटो गायब होना बना चर्चा का विषय

Tuesday, Dec 04, 2018 - 10:18 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव): हमीरपुर विस क्षेत्र के बाद अब नादौन विस क्षेत्र में भी भाजपा के पोस्टरों में से अनुराग-धूमल का फोटो गायब होने पर भाजपा कार्यकर्ता सकते में हैं। गत दिवस नादौन विस क्षेत्र के मैड़ में नादौन के पूर्व विधायक एवं एच.आर.टी.सी. के उपाध्यक्ष विजय अग्निहोत्री ने केंद्र सरकार की प्रायोजित स्कीम के तहत श्रम कल्याण बोर्ड के कार्यक्रम में करीब 250 कामगारों को मुफ्त में उपकरण वितरित किए। इस दौरान जो उपकरण कामगारों को बांटे गए उन पर एक भाजपा नेताओं का पोस्टर लगा हुआ था जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और नादौन के पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री के फोटो लगे हुए थे लेकिन सांसद अनुराग ठाकुर और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल का नाम व फोटो यहां से गायब थे। 

भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम के नेतृत्व में लड़ेगी

कुछ भाजपा नेता दबी जुबान से कहते हुए सुने गए कि धूमल की हार के बाद जिस तरह प्रदेश में भाजपा के समीकरण बदले हैं, उनके चलते हमीरपुर जिला में कुछ भाजपा के नेता धूमल-अनुराग को नजरअंदाज कर अपना प्रभाव अफसरशाही पर दिखाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन हमीरपुर जिला में लोकसभा चुनावों से पहले भाजपा में जो अंदर खाते द्वंद्व चला है, उसका क्या असर पड़ेगा। यह तो लोकसभा चुनावों के नतीजे ही बयान करेंगे। प्रदेश में भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में लड़ेगी और जयराम ठाकुर को भी चारों सीटें दोबारा जीतने के लिए गुटबाजी को दूर करने के साथ ही अनुशासन पर ध्यान देना होगा। जिला भाजपा के महामंत्री एवं नादौन मंडल के प्रभारी अजय शर्मा का कहना है कि उक्त मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है तथा मामले की जानकारी पता करके ही कुछ बता पाऊंगा।
 

Ekta