अनुराग को फिर घेरने की तैयारी, कांग्रेस ने अब विधानसभा स्तर पर छेड़ा ये अभियान

Sunday, Mar 11, 2018 - 03:06 PM (IST)

ऊना (अमित): कांग्रेस ने 'हिसाब दे सांसद जबाब दे सांसद' अभियान को विधानसभा स्तर पर शुरू कर दिया है। अभियान का आगाज भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर के गृह संसदीय क्षेत्र के जिला ऊना के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से किया गया। कुटलैहड़ कांग्रेस द्वारा गांव डंगोली में आयोजित इस अभियान की जनसभा में कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए। इस दौरान ऊना सदर से विधायक सतपाल रायजादा, पूर्व विधायक कुलदीप कुमार, पूर्व विधायक रामनाथ शर्मा, युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष मुनीष ठाकुर सहित कांग्रेस कर्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। 


सुक्खू ने कहा कि पिछले 25 सालों से हमीरपुर लोकसभा सीट पर भाजपा का कब्जा है और भाजपा के सांसद इन चार सालों में क्षेत्र का विकास करवाने में असफल रहे है। भाजपा द्वारा कांग्रेस के अभियान पर की जा रही बयानबाजी पर पलटवार करते हुए सुक्खू ने कहा कि भाजपा के सांसद क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर रहे है तो जबाब भी उन्ही से मांगा जाएगा। जब कांग्रेस के सांसद होंगे तो हम भी जबाब देंगे। वहीं कांग्रेस में गुटबाजी के सवाल पर सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस में किसी प्रकार की कोई कलह नहीं है। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के सभी नेता अपने अपने स्तर पर कांग्रेस को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास सांसदों के विकास कार्य गिनवाने लायक कोई उपलब्धि नहीं है इसलिए कांग्रेस की गुटवाजी की अफवाहें फैलाई जा रही है।