अनुराग ने साधा निशाना, कहा-नेतृत्व के सपने देखना छोड़ें वीरभद्र

Tuesday, Jul 25, 2017 - 10:28 PM (IST)

धर्मशाला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के उस बयान पर सांसद अनुराग ठाकुर ने कटाक्ष किया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि विधानसभा चुनाव उन्हीं के नेतृत्व में लड़े जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री से न प्रदेश की कानून व्यवस्था संभल रही है, न उनका अपना पार्टी संगठन, ऐसे में वह नेतृत्व के सपने देखना छोड़ दें। वैसे भी अब उनकी उम्र हो गई है और उन्हें अब उम्र का तकाजा देखते हुए आराम की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष तो उनके खिलाफ  मुखर है ही, अब रही सही कसर पार्टी के 6 विधायकों और 8 जिलाध्यक्षों ने हाई कमान को पत्र लिखकर पूरी कर दी है। 

मुख्यमंत्री को याददाश्त की समस्या 
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अब याददाश्त की समस्या होने लगी है, क्योंकि वो एक दिन कहते हैं कि उन्हें वह दिन भी याद है, जिस दिन सुक्खू पैदा हुए थे और दूसरे दिन कहते हैं कि उन्हें सबके जन्मदिन याद नहीं रहते। याददाश्त की समस्या वाला व्यक्ति प्रदेश का मुख्यमंत्री कैसे रह सकता है और कैसे दोबारा मुख्यमंत्री बनने के सपने देख सकता है, यह तो उनके समझ से परे है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पहले ही अपने केसों के चलते दिन-रात कोर्ट के और दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं, इसलिए वह सपने देखना छोड़ दें और अपने बचे हुए 3-4 महीने का कार्यकाल सही तरीके से पूर्ण करने पर ध्यान दें।