नोटबंदी पर बोले अनुराग, जमा हुए काले धन को गरीबों में बांटेगी केंद्र सरकार

Wednesday, Dec 14, 2016 - 09:21 AM (IST)

हमीरपुर: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष एवं भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद लै. अनुराग सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नोटबंदी के फैसला को ऐतिहासिक करार देते हुए का कि इस फैसले से देश की जनता खुश है लेकिन काले धन को छुपाने वाले परेशान हैं। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से 30 दिसम्बर तक करीब 1 लाख करोड़ रुपए का काला धन बैंकों में जमा होने का अनुमान लगाया जा रहा है जिसे बाद में केंद्र सरकार गरीब कल्याण योजना के तहत गरीबों को बांटेगी। सांसद लै. अनुराग ठाकुर मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित अणु में विमांशु ऐलिवेटर एंड एस्केलेटर शोरूम का उद्घाटन करने के उपरांत पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। 

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह या अभद्र सिंह, जनता करेगी फैसला
सांसद लै. अनुराग ठाकुर ने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ नेताओं को बुढ़ापा आते-आते भूलने की आदत हो गई है जिसके चलते उनकी बयानबाजी में भी फर्क आ रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हैं या अभद्र सिंह इसका फैसला प्रदेश की जनता करेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह जब वर्ष 2005 में पहली बार एच.पी.सी.ए. के क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में आए थे तो उन्होंने कहा था कि वह शिमला में इससे भी सुंदर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम बनाएंगे लेकिन 11 वर्ष बीत जाने के बाद भी अब तक शिमला में क्रिकेट स्टेडियम तो दूर एक खेल मैदान तक नहीं बना पाए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हमेशा से ही खेल संघों को दबाने तथा खेलों के विरुद्ध रहे हैं। 

एच.पी.सी.ए. को सी.एम. के सर्टीफिकेट की जरूरत नहीं
सांसद लै. अनुराग ठाकुर ने कहा कि एच.पी.सी.ए. को वीरभद्र सिंह के सर्टीफिकेट की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि एच.पी.सी.ए. ने पूरे देश में ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में नाम कमाया है जिसे मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पचा नहीं पा रहे हैं। इस दौरान उनके साथ जिला परिषद के अध्यक्ष राकेश ठाकुर, जिला पंचायत प्रधान संघ के अध्यक्ष संजीव एडवोकेट व विकराज धीमान सहित अन्य मौजूद रहे।