कांग्रेस के इन 3 पदाधिकारियों पर लगे पार्टी विरोधी कार्य करने के आरोप

Sunday, Dec 03, 2017 - 01:57 PM (IST)

बिलासपुर: चुनाव के बाद कई विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा व कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के अधिकृत प्रत्याशियों के खिलाफ पार्टी पदाधिकारियों द्वारा कार्य किए जाने की बातें बड़े स्तर पर उठी हैं। सदर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी विधायक बंबर ठाकुर ने इस विधानसभा चुनाव में पार्टी के कुछ पदाधिकारियों की पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता की शिकायत ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष के पास दर्ज करवाई है, जिसमें पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष अंजना धीमान व जिला कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों को अंजाम देने का आरोप लगाते हुए इन पदाधिकारियों को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की गई है। इस शिकायत का आधार चुनाव के बाद हुई सदर विधानसभा कांग्रेस कार्यकर्ताओं की उस आम सभा की बैठक को बनाया गया है, जिसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह कहा कि उक्त तीनों नेताओं ने कांग्रेस के ही खिलाफ कार्य किया। इस आम सभा की लिखित कार्रवाई व उसमें पारित इन तीनों नेताओं के निष्कासन के प्रस्ताव को भी सदर ब्लॉक कांग्रेस को सौंपा गया है। 

नामजद नेताओं ने पदों का लिया भरपूर लाभ : बंबर ठाकुर
इस विषय पर बंबर ठाकुर ने कहा कि इन नामजद नेताओं ने पिछले 5 वर्ष अपने पदों का भरपूर लाभ लिया और जब पार्टी को इनकी कर्तव्यनिष्ठा की जरूरत थी तो इन्होंने पार्टी धर्म के विपरीत कांग्रेस के विरोध में कार्य किया जिससे पार्टी को नुक्सान पहुंचा व उन्होंने कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने की भरपूर कोशिश की। बंबर ठाकुर ने बताया कि लिखित शिकायत व आम कार्यकर्ताओं द्वारा पारित प्रस्ताव की प्रति तथ्यों सहित ब्लाक अध्यक्ष तेजस्वी शर्मा को आगामी कार्रवाई हेतु सौंपी दी गई है। 

ब्लाक कांग्रेस के अधिकार क्षेत्र में नहीं कार्रवाई करना : तेजस्वी शर्मा
वहीं इस विषय पर सदर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष तेजस्वी शर्मा का कहना है कि पार्टी के 3 पदाधिकारियों के खिलाफ शिकायत आई है। इनमें से एक पदाधिकारी प्रदेश स्तर व 2 पदाधिकारी जिला स्तर के हैं। इन पर कार्रवाई करना ब्लॉक कांग्रेस के अधिकार क्षेत्र में नहीं है। अत: इस शिकायत को पार्टी प्रदेशाध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू को आगामी कार्रवाई हेतु भेज दिया गया है। 

बेबुनियाद हैं आरोप : अंजना
उधर, इस विषय पर महिला कांग्रेस जिला प्रधान अंजना धीमान का कहना है कि पार्टी के खिलाफ या पार्टी के प्रत्याशी के खिलाफ प्रचार करने का तो सोचा भी नहीं जा सकता। कांग्रेस की वफादार कार्यकर्ता व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष होने के नाते उन्होंने चारों विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार किया है। ऐसे में उन पर पार्टी विरोधी कार्य का इल्जाम लगाना बेबुनियाद है। 

देखना पड़ेगा किन लोगों ने की शिकायत : राजेंद्र ठाकुर
इस बारे में जिला कांग्रेस वरिष्ठ उपाध्यक्ष राजेंद्र ठाकुर का कहना है कि पार्टी के खिलाफ कार्य करने का आरोप लगाना गलत है। देखना पड़ेगा कि ऐसी शिकायत किन लोगों ने की है क्योंकि सदर विधायक के साथ बहुत से लोग ऐसे हैं जो किसी भी पार्टी से संबंध नहीं रखते। जब सदर विधायक ने वर्ष 2008 में निर्दलीय विधानसभा का चुनाव लड़ा था तब भी उनके साथ वही लोग थे।