देवभूमि में एक और सैक्स रैकेट का पर्दाफाश, 2 महिलाएं गिरफ्तार

Tuesday, Jun 13, 2017 - 09:00 PM (IST)

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश की पयर्टन नगरी मैक्लोडगंज में पुलिस विभाग ने एक और सैक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार मैक्लोडगंज के एक निजी होटल में सैक्स रैकेट की सूचना पुलिस को मिली, जिस पर पुलिस ने जाल बिछाते हुए उक्त होटल में दबिश देकर 2 महिलाओं को गिरफ्तार किया गया जो दलाल के तौर पर काम कर रही थीं। ये दोनों महिलाएं पंजाब राज्य की रहने वाली बताई जा रही हैं। 

पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल, 2 लड़कियां रैस्क्यू
जानकारी के अनुसार पुलिस विभाग को इस तरह की गतिविधियां चलने की सूचना मिल रही थी। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक टीम गठित की और आरोपियों तक पहुंचने का जाल बिछाया। पैसे के लालच में दलाल बनी युवतियां पुलिस के जाल में फंस गईं। वे 2 अन्य लड़कियों को अपने साथ लेकर मैक्लोडगंज क्षेत्र के एक होटल में पहुंच गईं। मैक्लोडगंज के एक होटल में अवैध तौर पर किए जा रहे इस काम में पुलिस ने 2 महिला दलालों को गिरफ्तार किया और 2 महिलाओं को मौके से रैस्क्यू किया। 

पहले भी सामने आया था ऐसा मामला 
कुछ समय पूर्व पुलिस ने मैक्लोडगंज में एक सैक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया था, जिसके तार प्रदेश के मनाली से लेकर पंजाब तक थे। पुलिस ने इस मामले में लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार किया था। इस गोरखधंधे में शामिल लोग अभी भी ऐसे काम से तौबा नहीं कर रहे हैं। वहीं एस.पी. संजीव गांधी ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है, जल्द ही कुछ और लोगों की गिरफ्तारियां हो सकती हैं।