हेरोइन की बड़ी खेप के साथ एक और नाइजीरियन चढ़ा पुलिस के हत्थे (Video)

Monday, Oct 22, 2018 - 05:44 PM (IST)

सोलन (चिनमय): सोलन पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए एक नाइजीरियन को चिट्टा यानी हेरोइन की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि एक नाइजीरिया का व्यक्ति सोलन में घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद से पुलिस ने उस पर पैनी नजर रखी हुई थी। जैसे ही पुलिस का शक पुख्ता हुआ तो उन्होंने तुरंत नाइजीरियन नशा तस्कर को धर दबोचा।

तलाशी लेने पर उसके पास से 25.48 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पकड़े गए 42 वर्षीय आरोपी का नाम फ्रेंक ओबोह है और वह मूल रूप से अफ्रीका का रहने वाला है। पुलिस आरोपी से कड़ी पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह हेरोइन की यह खेप किसे बेचने के लिए सोलन आया था और कौन-कौन से व्यक्ति इसके संपर्क में हैं।

बता दें कि सोलन पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कसते जा रही है। जिसके चलते हेरोइन का कारोबार करने वाले इस धंधे को करते हुए डर रहे हैं। पहले यहां के नशा कारोबारी दिल्ली जाकर नाइजीरियन से हेरोइन लेकर आते थे लेकिन अब पुलिस के खौफ से दिल्ली नहीं जा रहे। यही कारण है कि अब नाइजीरियन तस्कर खुद ग्राहकों की खोज में सोलन पहुंच रहे हैं। अब तक सोलन पुलिस की ओर से नशा तस्करी के आरोप में पकड़ा गया यह तीसरा नाइजीरियन व्यक्ति है।

 

Ekta