कुल्लू पुलिस को मिली बड़ी सफलता, दिल्ली से एक और हैरोइन तस्कर नाइजीरियन गिरफ्तार

Sunday, Feb 21, 2021 - 09:01 PM (IST)

कुल्लू (ब्यूरो): पुलिस ने दिल्ली से एक और हैरोइन तस्कर नाइजीरियन को गिरफ्तार किया है। इसे पुलिस ने न्यायालय में पेश किया। न्यायालय से इसे 3 दिन के पुलिस रिमांड पर रखने के आदेश हुए हैं। पुलिस ने आरोपी से कड़ी पूछताछ शुरू कर दी है। इस तस्कर को भुंतर पुलिस द्वारा पकड़े गए एक अन्य तस्कर की बिनाह पर दबोचा गया। पुलिस के अनुसार पिछले वर्ष कुल्लू पुलिस की एसआईयू टीम द्वारा भुंतर थाना के अंतर्गत एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया था, जिससे 36 ग्राम हैरोइन बरामद की गई थी और मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 21 के तहत इसे दबोचा गया। इस हैरोइन के सप्लायर अफ्रीकन नागरिक को इस आरोपी के अन्य साथी ने अलर्ट किया और उसे दिल्ली में दूसरी जगह पर छिपने में मदद भी की। इस आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया और स्पैशल टीम द्वारा इस हैरोइन के सप्लायर जो दिल्ली में रहने वाला एक अफ्रीकी देश नाइजीरिया का 27 वर्षीय नागरिक है, को मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 29 के अंतर्गत दिल्ली से गिरफ्तार करके कुल्लू लाया गया है।

आरोपी से 5 मोबाइल और 1 लैपटॉप भी बरामद

आरोपी से 5 मोबाइल और 1 लैपटॉप भी बरामद किया गया है। आरोपी अंडरग्राऊंड चल रहा था। आरोपी के पास पासपोर्ट व वीजा नहीं है। आरोपी गैर-कानूनी तरीके से भारत में रह रहा था। इसके खिलाफ फॉरनर एक्ट की धारा-14 के अंतर्गत भी कार्रवाई की गई है। आरोपी पिछले 10 सालों से भारत में है। यह आरोपी हर महीने 10 किलो से ज्यादा हैरोइन सप्लाई करता है। इस मामले में अब तक धरे गए आरोपियों में टोकोवू ए नवाइवू उर्फ जिमी टोबा, विवेक बोध पुत्र लाल सिंह निवासी गदौरी शमशी कुल्लू व भोला दत्त पुत्र रूप चंद निवासी शमशी भुंतर शामिल हैं। एसपी गौरव सिंह ने नाइजीरियन तस्कर को गिरफ्तार किए जाने की पुष्टि करते हुए कहा अब इसे रिमांड पर रखा गया है।

अब तक धरे 25 विदेशी

कुल्लू पुलिस द्वारा जुलाई, 2019 से अभी तक 25 विदेशी नागरिकों को ड्रग्स का अवैध व्यापार करने के जुर्म में गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 19 आरोपी हैरोइन और चिट्टा के सप्लायर हैं जो अफ्रीकी मूल के हैं जिनको दिल्ली से गिरफ्तार किया जा चुका है। 17 विदेशी तस्कर अभी जेल में बंद हैं।

Content Writer

Vijay