रात्रि गश्त पर निकले SP Una की एक और बड़ी कार्रवाई, जानने के लिए पढ़ें खबर

Sunday, Feb 24, 2019 - 11:13 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): नाइट हाईवे पैट्रोलिंग वाहन में सवार होकर एस.पी. ऊना पूरी रात जिला के विभिन्न हिस्सों का जायजा लेते रहे। देर रात्रि खुद हाईवे पैट्रोलिंग की गाड़ी में सवार हुए एस.पी. दिवाकर शर्मा जब गांव जलग्रां पहुंचे तो वहां पर डी.जे. बज रहा था। इस पर वह वहां जा पहुंचे। उन्होंने न केवल डी.जे. को जब्त कर लिया बल्कि उसके संचालकों के खिलाफ एफ.आई.आर. भी दर्ज कर ली। एस.पी. ने जिला मुख्यालय ऊना से लेकर चताड़ा, बहडाला, संतोषगढ़, टाहलीवाल और झलेड़ा में स्थित मैरिज पैलेसों में भी स्थिति का जायजा लिया। यहां देर रात तक ऊंची आवाज में डी.जे. बजाए जाने की शिकायतों के मद्देनजर एस.पी. खुद मौके पर स्थिति को देखने पहुंचे। हालांकि यहां निर्धारित समयावधि रात्रि 10 बजे के बाद डी.जे. बंद पाए गए।

एक सप्ताह में 3 डी.जे. संचालकों पर की कार्रवाई

एस.पी. दिवाकर शर्मा ने कुछ दिन पहले मैरिज पैलेसों और डी.जे. संचालकों के साथ बैठक कर उन्हें सर्वोच्च न्यायालय के उस निर्णय पर सख्ती से अमल करने की हिदायतें दी थीं जिसमें रात्रि 10 बजे के बाद डी.जे. बजाने पर पूर्णतया पाबंदी लगाई गई है। इसके बावजूद कई गांवों में समारोहों के दौरान पूरी रात ऊंची आवाज में डी.जे. बजाया जाता है। एक सप्ताह के भीतर एस.पी. ने 3 डी.जे. संचालकों के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज कर उनके साजो-सामान को जब्त करवाया है।

महिला कर्मियों को देंगे सशस्त्र प्रशंसा पत्र

एस.पी. शनिवार रात अकेले ही 10 बजे के बाद गश्त पर निकले थे। आसपास के क्षेत्रों का चक्कर लगाने के बाद वह पैट्रोलिंग व्हीकल में सामान्य पुलिस कर्मी की तरह सवार हो गए। इस दौरान पूरी रात वह पुलिस कर्मचारियों के साथ ड्यूटी देते रहे। एस.पी. ने इस दौरान पाया कि महिला पुलिस थाना ऊना की महिला कर्मियों ने कॉलेज के निकट नाका लगाया हुआ था। नाके को देखकर एस.पी. काफी प्रसन्न हुए और उन्होंने नाका लगाने वाली तमाम महिला कर्मियों को सशस्त्र प्रशंसा पत्र देने का भी ऐलान किया। इससे पहले उन्होंने होमगार्ड जवानों को भी मुस्तैदी से ड्यूटी देते हुए पाया तो उनकी भी पीठ थपथपाई।

ऊना थाना में भी दी दस्तक

दिवाकर शर्मा ऐसे पहले एस.पी. हैं जो रात के समय गश्त पर निकलते हैं। शनिवार रात जिला के विभिन्न स्थानों का चक्कर लगाने और व्यवस्था देखने के उपरांत करीब डेढ़ बजे के बाद वह पुलिस थाना ऊना पहुंचे। पुलिस थाना में खुद बैठकर उन्होंने पुलिस कर्मियों द्वारा की जा रही ड्यूटी का निरीक्षण भी किया। इसके उपरांत सुबह करीब 3 बजे तक एस.पी. ऊना के मुख्य शहर और विभिन्न वार्डों में खुद गश्त करते रहे। रात के समय असामाजिक तत्व तो नहीं घूम रहे, इसका जायजा लेने के लिए एस.पी. ने पूरे शहर की परिक्रमा भी की।

क्या बोले एस.पी. दिवाकार शर्मा

एस.पी. दिवाकर शर्मा ने बताया कि गश्त के दौरान सभी पुलिस कर्मियों की ड्यूटी संतोषजनक पाई गई। एक डी.जे. के खिलाफ एफ.आई.आर. दर्ज की गई है। महिला पुलिस थाना ऊना की कर्मियों के साथ-साथ नाइट हाईवे पैट्रोलिंग करने वाले कर्मियों को भी सशस्त्र प्रशस्ति पत्र दिए जाएंगे। डी.जे. से परेशान स्कूली बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के फोन आ रहे हैं। लोग खुलकर फीडबैक दे रहे हैं। हमारा दायित्व है कि लोगों को राहत पहुंचाएं और कानून व्यवस्था दुरुस्त रहे।

Vijay