कैबिनेट मंत्री बने अनिल शर्मा ने वीरभद्र-कांग्रेस को लिया आड़े हाथ, दे डाली ये नसीहत

Wednesday, Dec 27, 2017 - 09:53 PM (IST)

शिमला: कांग्रेस ने सुखराम शर्मा व उनके परिवार का राजनीतिक करियर खत्म करने की कोशिश की है। कैबिनेट मंत्री बनने के बाद अनिल शर्मा ने पहली बार मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें षड्यंत्र के तहत कांग्रेस छोडऩे के लिए मजबूर किया गया। बकौल अनिल वीरभद्र सिंह ने कहा था कि छोटा नेता कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गया है। इससे पार्टी को फर्क पडऩे वाला नहीं है। उन्होंने वीरभद्र सिंह को नसीहत देते हुए कहा कि इससे पहले भी छोटे नेता ने प्रदेश में गठबंधन की सरकार बनाकर वीरभद्र सिंह को सत्ता से बाहर किया था। इस बार उनके परिवार के भाजपा में शामिल होने के बाद फिर से इतिहास रचा गया है।

मंडी की सभी 10 सीटों पर देखने को मिला सुखराम परिवार का जनाधार 
मंडी जिला की सभी 10 सीटें जीत कर सुखराम परिवार का जनाधार देखने को मिल गया है। उन्होंने कहा कि मंडी के अलावा कुल्लू में भी सुखराम का रसूख कांग्रेस को नजर आ गया होगा। मंडी जिला के साथ लगते 17 विधानसभा हलकों में कांग्रेस मात्र 3 सीटों पर ही सिमट कर रह गई है। उन्होंने पूर्व आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी को भी आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उनके परिवार ने ही प्रकाश चौधरी को वर्ष 1998 में कांग्रेस में लाया था। प्रकाश चौधरी ने चुनाव के दौरान एक प्रैस वार्ता में यह कहा था कि सुखराम के परिवार के जाने से उन्हें 14-15 वोटों का नुक्सान होगा। इस बार प्रकाश चौधरी कई हजार वोटों से हारे हैं। आज उन्हें पंडित सुखराम का कद मालूम हो गया होगा।

चुनाव के दौरान अंडर ग्राऊंड रहे भाजपा नेता 
कैबिनेट मंत्री अनिल शर्मा ने कहा कि भाजपा के सभी स्थानीय नेता उनके साथ नहीं थे। चुनाव के दौरान सभी नेता अंडर ग्राऊंड हो गए थे। इसलिए यह चुनाव उनके लिए बेहद चुनौतीपूर्ण था। उन्होंने कहा कि बगावत करने वाले सभी नेताओं की वे पार्टी आलाकमान से शिकायत करेंगे। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि उन्हें कार्यकर्ताओं व आम लोगों ने जिताया है। पार्टी के नेता उनके खिलाफ काम कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह 5 साल कार्यकर्ताओं के साथ सामंजस्य बिठाकर काम करेंगे।

मंडी में होने वाले जश्र में सलमान खान नहीं लेंगे भाग
अनिल शर्मा ने कहा कि चुनाव प्रचार के लिए कुछ समर्थकों ने उन्हें सलमान खान को प्रचार के लिए बुलाने को कहा था लेकिन पार्टी ने तय किया कि चुनाव अपने दम पर जीतेंगे। यह देखते हुए सलमान को नहीं बुलाया गया और न ही सलमान खान मंडी में होने वाले जश्र में भाग लेंगे।

अब मंडी जिला बन गया है पावट सैंटर 
अनिल शर्मा ने कहा कि पावर सैंटर कभी शिमला, कभी हमीरपुर तो कभी कांगड़ा जिला रहा है, लेकिन इस बार पावर सैंटर मंडी जिला बन गया है। पूरे प्रदेश को मंडी से ही ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने बिना किसी भेदभाव के पूरे प्रदेश में काम करने का दावा किया है।