असम के मुख्यमंत्री की टिप्पणी पर भड़का गुस्सा, युवा और महिला कांग्रेस ने फूंका पुतला

Sunday, Feb 13, 2022 - 03:33 PM (IST)

ऊना (अमित शर्मा) : असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा उत्तराखंड में चुनाव प्रचार के दौरान गांधी परिवार पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस भड़क उठी है। आज ऊना जिला मुख्यालय पर युवा और महिला कांग्रेस ने संयुक्त रूप से असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए पुतला फूंका। कांग्रेस के नेताओं ने असम के मुख्यमंत्री से कांग्रेस और गांधी परिवार से सार्वजनिक रूप में माफी मांगने की मांग की। युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष निगम भंडारी ने चेताया कि यदि भारतीय जनता पार्टी इस टिप्पणी पर माफी नहीं मांगती है तो आने वाले दिनों में कांग्रेस उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर होगी। 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा द्वारा राजीव गांधी और राहुल गांधी के रिश्तों को लेकर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस में आक्रोश पैदा हो गया है। रविवार को जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस से महिला और युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ रोष रैली निकाली। रैली का समापन असम के सीएम का पुतला फूंक कर किया गया। युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष निगम भंडारी के नेतृत्व में किए गए प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा और असम के मुख्यमंत्री के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। उन्होंने भाजपा पर भारत की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों के हनन का भी आरोप लगाया। कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के हर नागरिक का सम्मान करती है और कभी भी किसी पर इस तरह की अभद्र टिप्पणी नहीं करती। लेकिन भाजपा के वरिष्ठ नेता और असम के मुख्यमंत्री द्वारा की गई टिप्पणी बेहद शर्मनाक है। निगम भंडारी ने इस मौके पर कहा कि भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को इस मामले में दखल देते हुए असम के मुख्यमंत्री को माफी मांगने पर मजबूर करना चाहिए। अन्यथा कांग्रेस हिमाचल प्रदेश में ब्लाक स्तर पर असम के मुख्यमंत्री का विरोध करते हुए पुतले फूंकेगी।
 

Content Writer

prashant sharma