...और जब उड़ान भरने के बाद पैराग्लाइडर के साथ हुआ यह हादसा

Saturday, Oct 21, 2017 - 07:20 PM (IST)

पालमपुर: बिलिंग से उड़ान भरने के बाद एक पैराग्लाइडर पायलट आपात परिस्थितियों में पेड़ से लटक गया। रशिया का यह पैराग्लाइडर पायलट कंडबाड़ी क्षेत्र में आपात लैंडिंग करने को विवश हुआ था। शनिवार को बिलिंग से उड़ान भरने के बाद रशिया का 37 वर्षीय पैराग्लाइडर पायलट एलैग्जैंडर को उड़ान के दौरान तेज हवाओं तथा पर्याप्त थर्मल न मिल पाने के कारण आपात लैंडिंग करने पर विवश होना पड़ा, ऐसे में एलैग्जैंडर कंडबाड़ी के समीप उतरने पर विवश हुआ। आबादी रहित क्षेत्र में उतरते समय पैराग्लाइडर पेड़ पर लटक गया। ऐसे में लगभग आधा घंटा बेबस एलैग्जैंडर पेड़ पर ही लटका रहा। 

पावर प्रोजैक्ट के कर्मचारियों ने पेड़ से सुरक्षित उतारा
लगभग 500 मीटर की दूरी से निजी पावर प्रोजैक्ट के 2 कर्मचारियों कमलेश तथा सुरेश की नजर पेड़ पर लटके एलैग्जैंडर पर पड़ी, ऐसे में वे तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे तथा एलैग्जैंडर को पेड़ से नीचे सुरक्षित उतारा। घटना में एलैग्जैंडर को किसी प्रकार की चोट नहीं लगी। वहीं एलैग्जैंडर ने अपने साथियों को संदेश भेजा तथा उसके साथी उसे अपने साथ ले गए। घटना शनिवार दोपहर को घटी। विदित रहे कि इन दिनों बिलिंग से बड़ी संख्या में पैराग्लाइडर उड़ान भर रहे हैं।