आनंद शर्मा ने साधा निशाना, बोले-नोटबंदी व GST जैसे गलत निर्णयों पर माफी मांगें PM मोदी

Friday, May 11, 2018 - 07:37 PM (IST)

शिमला: राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नोटबंदी और जी.एस.टी. जैसे गलत निर्णयों के लिए देश से सार्वजनिक तौर पर माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार 26 मई को 4 साल का कार्यकाल पूरा कर रही है और इस दौरान जश्न मनाने के लिए करोड़ों रुपए खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को 4 साल का जश्न मनाने की बजाय अपनी गलतियों के लिए प्रायश्चित करना चाहिए। आनंद शर्मा प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री, विधायक राम लाल ठाकुर, लखविंद्र राणा, पूर्व मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी, हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व महासचिव कुलदीप सिंह राठौर और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष नरेश चौहान सहित अन्य नेता मौजूद थे।


केंद्र सरकार के गलत निर्णयों से देश में कारोबार टूटा
आनंद शर्मा ने कहा कि नोटबंदी और जी.एस.टी. जैसे गलत निर्णयों से लोग परेशान हुए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार के गलत निर्णयों से देश में कारोबार टूटा, औद्योगिक निवेश घटा, बैंकिंग अर्थव्यवस्था चरमराई, सीमा पार से आतंकी घटनाओं के कारण आम आदमी के साथ बड़ी संख्या में जवान शहीद हुए और दलितों के साथ अत्याचार की घटनाएं बढ़ीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि सी.बी.आई., ई.डी., आर.बी.आई. और चुनाव आयोग जैसी संस्थाओं के गलत प्रयोग के अलावा सुप्रीम कोर्ट को कमजोर करने का प्रयास किया गया।


2 करोड़ नौकरियों देने का वायदा नहीं हुआ पूरा
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार अपने वायदों को पूरा करने में विफल रही है। बेरोजगारों को हर साल 2 करोड़ नौकरियों देने का वायदा पूरा नहीं हुआ। वर्तमान में देश की जी.डी.पी. की दर यू.पी.ए. के 10 साल की औसत दर से बहुत कम है। पिछले 6 दशकों में निवेश दर भी देश की कम है। सेविंग दर भी बहुत कम है। यह गत 15 सालों में सबसे कम है। इसका कारण लोगों का बैंकों पर से विश्वास कम होना है। इसी तरह 2 साल में अमीर व गरीब के बीच खाई बढ़ी है। पूरी दुनिया में पैट्रोल-डीजल के दाम कम हुए हैं, लेकिन भारत में इसके दाम बढ़े हैं। सरकार ने इस पर टैक्स के माध्यम से लोगों से 10 लाख करोड़ रुपए वसूले हैं। उन्होंने केंद्र सरकार पर विदेश नीति में विफल रहने का आरोप भी लगाया।


कांग्रेस बहुमत में आई तो राहुल पी.एम. बनने को तैयार
वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि यदि कांग्रेस पार्टी बहुमत में आती है तो वह प्रधानमंत्री बनने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान को सत्ताधारी दल ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की कुर्सी पर बैठना नरेंद्र मोदी का जन्मसिद्ध अधिकार नहीं है। यह देश की जनता तय करेगी कि देश चलाने की कमान किसको सौंपनी है।


चीन में बन रही सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि मेक इन इंडिया की बात करने वाली केंद्र सरकार सरदार वल्लभ भाई पटेल की मूर्ति को चीन में बना रही है। उन्होंने इस मूर्ति को जल्द स्थापित करने की बात कही। साथ ही यह भी कहा कि इस मूर्ति के आधार पर एक कांस्य की पट्टिका लगाकर यह भी अंकित करंे कि पटेल ने आर.एस.एस. पर पाबंदी लगाने की बात कही थी। इसमें यह भी लिखें कि भारत में संसद का गठन 14 अगस्त, 1952 को हुआ और पटेल का स्वर्गवास वर्ष 1950 में हुआ, ऐसे में उनकी और पंडित नेहरू को लेकर जो अफवाहें फैलाई जा रही हैं, वे गलत हैं।


कर्नाटक में कांग्रेस के 42 उम्मीदवारों पर मारे आयकर विभाग के छापे
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने कर्नाटक चुनाव में 15 हजार करोड़ रुपए खर्च किए हैं। प्रति उम्मीदवार 15 करोड़ रुपए दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 42 उम्मीदवारों पर नामांकन भरने के दूसरे दिन ही आयकर विभाग ने छापे मारे। इस कारण वह 2-3 दिन भी प्रचार के लिए नहीं जा सके। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग से भाजपा की तरफ से कर्नाटक में 1 माह में प्रयोग किए गए हवाई जहाज व हैलीकॉप्टर की सूची मांगी है। आनंद शर्मा ने कहा कि वर्ष 2019 के चुनाव में भाजपा की विदाई होगी।


महिला सुरक्षा पर श्वेत पत्र जारी करे सरकार
उन्होंने केंद्र सरकार से महिला सुरक्षा पर खर्च किए गए धन पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश में महिलाओं पर ङ्क्षहसा बढ़ी है। देश में भय व शक का वातावरण है। सरकारी एजैंसियों का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने कहा कि विश्व के नेताओं ने भी पी.एम. से कहा है कि वे बेटियों की रक्षा करने में विफल रहे हैं।

Vijay