पालमपुर में BJP पर बरसे आनंद शर्मा, कहा-देशहित में Modi की विदाई जरूरी

Thursday, May 09, 2019 - 06:01 PM (IST)

पालमपुर (संजीव राणा): पालमपुर में आयोजित कांग्रेस की रैली में बतौर मुख्यातिथि  पहुंचे राज्यसभा सांसद और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने जहां कांगडा-चम्बा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के पक्ष में वोट करने की अपील की तो वहीं भाजपा पर भी जमकर निशाने साधे। उन्होंने कहा कि पिछले 5 वर्षों में जो अन्याय हुआ है उसका बदला लेने का समय आ गया है। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव की आवाज है और देशहित में नरेंद्र मोदी की विदाई जरूरी है। यह परिवर्तन हाथ से ही संभव है।

मोदी देश से नहीं बल्कि यह देश उनसे बड़ा है

उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी कहते हैं कि हमारे आने से पहले देश में कुछ नहीं हुआ, यह कहना देश का अपमान है। उन्होंने कहा कि मोदी यह याद रखें कि वे देश से नहीं बल्कि यह देश उनसे बड़ा है। उन्होंने मोदी को याद दिलाया कि उनके आने से पहले देश परमाणु शक्ति बन चुका था और देश ने कई उपलब्धियां हासिल कर ली थीं।

अस्वस्थ है मोदी की मानसिकता

उन्होंने कहा कि मोदी की मानसिकता अस्वस्थ है। देश के प्रधानमंत्री होने के नाते उन्हें जनभावनाओं का ख्याल रखना चाहिए। इस मौके पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष बृज बिहारी लाल बुटेल, पालमपुर के विधायक अशीष बुटेल व बैजनाथ के पूर्व विद्यायक किशोरी लाल भी उपस्थित रहे।

Vijay