अमित शाह के बयान पर बोले वीरभद्र, पहले नेतृत्व तय करो फिर राज करने की सोचो

Sunday, Dec 11, 2016 - 11:10 PM (IST)

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अनाडेल में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पहले हिमाचल में नेतृत्व तैयार करें और उसके बाद 20 साल तक यहां सत्ता में रहने के सपने देखें। मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने का दावा एक स्वप्न मात्र है, जो कभी साकार होने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा अध्यक्ष द्वारा बिना किसी तार्किक सबूत के राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्हें लोगों को गुमराह करने से पूर्व आरोपों को साबित करना चाहिए।

सोलन में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन में अमित शाह द्वारा भाषण के दौरान दिए गए वक्तव्य कि हिमाचल में ऐसी सरकार बनाओ जो 20 साल तक सत्ता में रहे, पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के लोग भाजपा तथा कांग्रेस दोनों के कार्यों की तुलना का बेहतर आकलन करने में सक्षम हैं। लोगों को कांग्रेस के नेतृत्व एवं नीतियों पर पूर्ण विश्वास है और लोग आगामी विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस को सत्तासीन करेंगे और भाजपा को धूल चटा देंगे। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा राज्य में सरकार बनाने के लिए उतावली तथा जल्दबाजी में है, जिस कारण वे लोगों को गुमराह करने के लिए भ्रामक बयानबाजी कर रहे हैं। भाजपा के लोगों की झूठी एवं निम्न स्तर की बयानबाजी उनके उतावलेपन को दर्शाती है। भाजपा नेता पूर्व में रहे प्रधानमंत्रियों पर टिप्पणी करने के योग्य नहीं हैं क्योंकि कांग्रेस ने पंडित जवाहर लाल नेहरू, इंदिरा गांधी व लाल बहादुर शास्त्री जैसे प्रतिष्ठित प्रधानमंत्री देश को दिए हैं, जिनके नेतृत्व में देश ने अभूतपूर्व उन्नति की है। 

मुख्यमंत्री ने सोलन में आयोजित भाजपा के ‘त्रिदेव सम्मेलन’ को पूरी तरह से फ्लाप-शो करार दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार विकास का पर्याय है और प्रदेश के लोग इसे भलीभांति समझते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश को शिक्षा तथा समावेशी विकास में बड़े राज्यों की श्रेणी में उत्कृष्ट आंका गया है। शिक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है और उन्हें इस बात से कोई लेना-देना नहीं कि रैली के दौरान क्या कहा गया। मुख्यमंत्री ने कहा चार्जशीट से कांग्रेस को कोई भय नहीं है। यदि चार्जशीट में सरकार पर कोई निराधार आरोप लगाए जाते हैं तो सरकार इस पर उपयुक्त कार्रवाई करेगी।